Knews Desk– भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। इंडियन आर्मी ने अग्निवीर कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। जिन उम्मीदवारों ने 1 जून से 16 जून 2026 के बीच आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) में हिस्सा लिया था, वे अब अपना परिणाम आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। सेना ने रिजल्ट ARO (Army Recruiting Office) और ट्रेड के अनुसार पीडीएफ फॉर्मेट में जारी किया है। लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को अब भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण यानी फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET) और मेडिकल टेस्ट में शामिल होना होगा।
अग्निवीर भर्ती के तहत इस बार जनरल ड्यूटी (GD), टेक्निकल, क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल, ट्रेड्समैन (8वीं और 10वीं पास) और महिला सैन्य पुलिस के पदों के लिए परिणाम जारी किए गए हैं। चयनित उम्मीदवारों के रोल नंबर, रजिस्ट्रेशन नंबर, कैटेगरी, संबंधित ARO, ट्रेड और आगे की भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी पीडीएफ में उपलब्ध है। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर Agniveer सेक्शन में Final Result के विकल्प पर क्लिक करें, फिर अपने ARO और ट्रेड के अनुसार पीडीएफ डाउनलोड करें। डाउनलोड की गई फाइल में Ctrl + F दबाकर अपना रोल नंबर या रजिस्ट्रेशन नंबर आसानी से खोजा जा सकता है।
लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को अब भर्ती के अगले चरण यानी फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET) और मेडिकल परीक्षण से गुजरना होगा। इस बार सेना ने फिजिकल टेस्ट के नियमों में कुछ बदलाव भी किए हैं। उम्मीदवारों को 1.6 किलोमीटर की दौड़ 6 मिनट 15 सेकंड के भीतर पूरी करनी होगी। प्रदर्शन के आधार पर 60, 48, 36 और 24 अंक दिए जाएंगे, जबकि 10 पुल-अप्स करने पर 40 अंक निर्धारित किए गए हैं। वहीं 9 फीट लंबी कूद और जिग-जैग बैलेंस टेस्ट केवल क्वालिफाइंग होंगे। इन सभी चरणों में सफल होने वाले उम्मीदवारों का ही अंतिम चयन भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में किया जाएगा।