डिजिटल डेस्क- केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी CBSE जल्द ही कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित करने जा रहा है। रिजल्ट को लेकर छात्रों और अभिभावकों के बीच उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है। ताजा अपडेट के मुताबिक बोर्ड तेजी से परिणाम जारी करने की तैयारी में जुटा हुआ है, हालांकि अभी तक रिजल्ट की तारीख को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। मीडिया रिपोर्ट्स और सूत्रों के अनुसार, CBSE 10वीं का रिजल्ट 14 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 के बीच कभी भी जारी किया जा सकता है। ऐसे में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि रिजल्ट 14 या 15 अप्रैल को भी आ सकता है, लेकिन बोर्ड की ओर से इसकी पुष्टि नहीं होने के कारण छात्रों को फिलहाल आधिकारिक सूचना का इंतजार करना होगा। इस साल CBSE 10वीं बोर्ड परीक्षा का आयोजन 17 फरवरी से 11 मार्च 2026 तक किया गया था। परीक्षा में शामिल हुए लाखों छात्र अब अपने रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। रिजल्ट जारी होते ही छात्र अपना स्कोरकार्ड ऑनलाइन माध्यम से देख और डाउनलोड कर सकेंगे।
कैसे चेक करें CBSE 10वीं रिजल्ट?
रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र CBSE की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम आसानी से देख सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले Central Board of Secondary Education की वेबसाइट पर जाएं। वहां “रिजल्ट” सेक्शन में जाकर 10वीं रिजल्ट के लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अपना रोल नंबर, जन्मतिथि और अन्य जरूरी जानकारी दर्ज करें। सबमिट करते ही स्क्रीन पर आपका रिजल्ट दिखाई देगा, जिसे आप डाउनलोड भी कर सकते हैं। रिजल्ट चेक करने के लिए रोल नंबर अनिवार्य होता है। ध्यान रहे कि यह स्कूल का रोल नंबर नहीं बल्कि बोर्ड परीक्षा के दौरान जारी किया गया रजिस्ट्रेशन नंबर होता है। यदि कोई छात्र अपना रोल नंबर भूल गया है, तो वह अपने एडमिट कार्ड में इसे आसानी से देख सकता है।
दूसरी परीक्षा का मौका भी मिलेगा
CBSE ने इस साल से एक बड़ा बदलाव लागू किया है। अब कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा साल में दो बार आयोजित की जाएगी। जो छात्र अपने पहले प्रयास के अंकों से संतुष्ट नहीं होंगे या जिनकी कंपार्टमेंट आई होगी, वे दूसरी परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। दूसरी परीक्षा का आयोजन मई 2026 में होने की संभावना है, जबकि उसका रिजल्ट जून के अंत तक जारी किया जा सकता है।