डिजिटल डेस्क- बदायूं में लगातार हो रही हत्याओं से पूरा जनपद दहशत में है। अभी पिछली हत्याओं को मिस्ट्री को पुलिस सुलझा भी नहीं पाई कि गुरुवार रात 2 के लगभग चारपाई पर सो रही मां-बेटी की चाकू से गला रेतकर और चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मामला जनपद बदायूं के दातागंज थाना क्षेत्र के वीरमपुर गांव का है,यहां की रहने वाली शांति 75 वर्ष अपनी बेटी जयंती देवी 35 बर्ष के साथ गांव से बाहर बने मकान में रहती थी। उनके अन्य बेटे गांव के अन्दर बने मकान में रहते हैं। शांति देवी के साथ उनकी बहन का लड़का विपिन भी रहता है। हालांकि घटना में विपिन भी घायल हुआ है जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हत्या की वजह जमीनी विवाद बता रहे हैं परिजन
परिजन घटना का कारण जमीनी विवाद बता रहे हैं। जानकारी के अनुसार शांति की जो बेटी जयंती उनके साथ रहती है। जयंती के पति की 12 साल पहले मौत हो चुकी है और वह विधवा थी। जयंती अपने मायके में मां के साथ रहती थी यहीं उसका मौसेरा भाई विपिन भी रहता था। जयंती की शादी बदायूं के वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव रोटा में हुई थी, यहीं ससुरालियों से उसका जमीनी विवाद था। उसके पति के नाम पर 11 बीघा जमीन थी जिसमें उसने धीरे धीरे कर 9 बीघा जमीन बेंच दी थी। अभी फिलहाल में उसने 50 लाख रु की जमीन बेची भी थी।
रात में मची अचानक चीख-पुकार
हालांकि आज सुबह मां बेटी के शव लहूलूहान अवस्था में चारपाई पर मिलने से हड़कंप मच गया। पूरे मामले में जयंती के मौसेरे भाई विपिन का कहना है कि मैं शराब के नशे में बाहर लेटा था। रात में घर में अचानक चीख पुकार मच गई, जिसके बाद मैं अन्दर पहुंचा तो एक व्यक्ति हाथ में चाकू लेकर निकल रहा था, जिसने मेरी गर्दन पर बार किया चाकू मेरे हाथ में लगा और मैं घायल हो गया।