पहाड़ी से छलांग लगाने जा रहा था 18 साल का बेटा, बचाने पहुंचे पिता भी गिरे; मां की भी मौत

Knews Desk- महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के तीन लोगों की पहाड़ी से गिरने के बाद मौत हो गई। घटना खावड़ा पहाड़ी की बताई जा रही है। शुक्रवार को 18 साल का एक युवक पहाड़ी की चोटी पर पहुंच गया और कथित तौर पर आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। परिवार और स्थानीय लोगों ने उसे रोकने के लिए करीब तीन घंटे तक समझाने की कोशिश की, लेकिन युवक अपनी जिद पर अड़ा रहा।

जानकारी के अनुसार, युवक सुबह करीब 10 बजे पहाड़ी के किनारे पहुंचा था। उसके माता-पिता के साथ गांव के लोग और वहां मौजूद कुछ अन्य लोग लगातार उसे सुरक्षित स्थान पर आने के लिए समझाते रहे। उसकी मां भी बार-बार बेटे से नीचे आने की गुहार लगाती रही। लोगों ने उसे उसके भविष्य और माता-पिता के बारे में सोचने की अपील की, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुआ।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने भी युवक से बातचीत कर उसे पहाड़ी के किनारे से हटाने का प्रयास किया। इस दौरान वहां मौजूद कुछ पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया।

बेटे को बचाने के प्रयास में पिता भी गिरे

करीब तीन घंटे तक युवक को समझाने की कोशिश के बाद स्थिति उस वक्त और गंभीर हो गई, जब उसके पिता उसे बचाने के लिए पहाड़ी पर उसके करीब पहुंचे। बताया जा रहा है कि शुरुआत में पिता नीचे से ही बेटे को वापस आने के लिए कहते रहे। लेकिन जब युवक लगातार किनारे की तरफ बढ़ता रहा तो घटना के अंतिम 15-20 मिनट में पिता उसके पास पहुंच गए।

दोपहर करीब 1 बजे पिता ने बेटे को पकड़कर उसे सुरक्षित करने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और पिता-बेटा पहाड़ी से नीचे गिर गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

बेटे और पति को गिरता देख मां भी गिरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बेटे और पति को पहाड़ी से गिरते देख मां बुरी तरह घबरा गईं। कुछ ही देर बाद वह भी पहाड़ी से नीचे गिर पड़ीं। इस दर्दनाक हादसे में परिवार के तीनों सदस्यों की मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शी संजय जाधव ने बताया कि युवक को बचाने के लिए परिवार और अन्य लोगों ने काफी देर तक कोशिश की। उसकी मां लगातार उससे पहाड़ी के किनारे से दूर आने की अपील कर रही थीं। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद युवक को सुरक्षित नहीं बचाया जा सका।

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के पीछे युवक की मानसिक स्थिति और आत्महत्या की धमकी देने की वजहों को भी जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है। घटना ने इलाके में हर किसी को झकझोर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *