नोएडा के 22 वर्षीय बीटेक छात्र की मुंबई की एक शादीशुदा महिला से ऑनलाइन गेमिंग और वीडियो चैटिंग ऐप के जरिए दोस्ती हुई थी. छात्र के परिवार का आरोप है कि महिला ने उपहार और मदद के नाम पर उससे करीब 50 लाख रुपये लिए. रिश्ता खत्म करने की कोशिश पर 5 करोड़ रुपये मांगने का भी आरोप है.
Knews desk- नोएडा में ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए शुरू हुई दोस्ती अब पुलिस जांच का मामला बन गई है. सेक्टर-33 निवासी एक कारोबारी के 22 वर्षीय बेटे ने कथित तौर पर मुंबई की एक महिला पर 50 लाख रुपये खर्च किए. छात्र बीटेक फाइनल ईयर में पढ़ रहा है.
परिवार के मुताबिक, अप्रैल 2025 में छात्र की मुलाकात एक ऑनलाइन गेमिंग और वीडियो चैटिंग ऐप पर मुंबई की रहने वाली महिला से हुई थी. दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और धीरे-धीरे नजदीकियां बन गईं. छात्र को उस समय जानकारी नहीं थी कि महिला पहले से शादीशुदा है और एक बच्चे की मां है.
उपहार और मदद के नाम पर 50 लाख खर्च करने का आरोप
शिकायत के अनुसार, महिला ने दोस्ती और प्रेम संबंध के दौरान छात्र से उपहार और आर्थिक मदद के नाम पर पैसे लेने शुरू किए. कुछ ही महीनों में छात्र ने उस पर करीब 50 लाख रुपये खर्च कर दिए.
जब दोनों के बीच शादी की बात चली, तब छात्र के परिवार ने महिला के बारे में जानकारी जुटाई. इस दौरान उसके पहले से शादीशुदा होने का पता चला. इसके बाद छात्र ने कथित तौर पर रिश्ता खत्म करने की कोशिश की.
पीछा छोड़ने के बदले 5 करोड़ मांगने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि जसलीन उर्फ ज्योति सरकार नाम की महिला छात्र पर शादी करने का दबाव बना रही थी. परिवार ने यह भी दावा किया कि जब छात्र ने संबंध खत्म करने की कोशिश की, तो महिला ने उसका पीछा छोड़ने के बदले 5 करोड़ रुपये की मांग की.
परिवार का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम से छात्र और उसके परिजन मानसिक तनाव में हैं. छात्र के पिता ने मामले में पुलिस से शिकायत की थी.
कोर्ट के आदेश पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा
शिकायत के आधार पर कोर्ट के आदेश से पुलिस ने महिला जसलीन, उसकी बहन क्रिस्टी उर्फ सविता और आरके उर्फ रतनदीप के खिलाफ केस दर्ज किया है.
थाना प्रभारी उमेश चंद्र निठानी के अनुसार, पुलिस ऑनलाइन चैट, पैसों के लेनदेन और शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों की जांच कर रही है. संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे.
फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि छात्र से 50 लाख रुपये लेने और 5 करोड़ रुपये की कथित मांग के आरोपों में कितनी सच्चाई है.