श्रीलंका को उसी के घर में हराकर जिम्बाब्वे बना ग्रुप-B का नंबर 1, T20 वर्ल्ड कप 2026 में रचा इतिहास

KNEWS DESK – जिम्बाब्वे ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए मेजबान श्रीलंका को उसी के घर में हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया। कोलंबो में खेले गए ग्रुप-B के आखिरी मुकाबले में मिली इस जीत के साथ जिम्बाब्वे ने सुपर-8 से पहले ही ग्रुप में नंबर 1 स्थान हासिल कर लिया।

इससे पहले जिम्बाब्वे ऑस्ट्रेलिया को बाहर कर सुपर-8 में जगह बना चुका था, लेकिन श्रीलंका पर जीत ने उसकी दावेदारी और मजबूत कर दी है।

अंक तालिका में बड़ा उलटफेर

मुकाबले से पहले ग्रुप-B में श्रीलंका 3 मैचों में 6 अंकों के साथ शीर्ष पर था, जबकि जिम्बाब्वे 5 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर।

लेकिन 19 फरवरी को कोलंबो में खेले गए इस मुकाबले के बाद तस्वीर पूरी तरह बदल गई। अब जिम्बाब्वे 4 मैचों में 7 अंकों के साथ ग्रुप की नंबर 1 टीम बन गई है, जबकि श्रीलंका 6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गया।

179 रन का लक्ष्य, 3 गेंद पहले फतह

श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 178 रन बनाए। Pathum Nissanka ने 41 गेंदों पर 62 रन की शानदार पारी खेली। पवन रत्नायके ने 44 रन का योगदान दिया।

जवाब में जिम्बाब्वे ने बेखौफ बल्लेबाजी की और 19.3 ओवर में 4 विकेट खोकर 184 रन बनाते हुए मैच जीत लिया। यह ICC टूर्नामेंट में श्रीलंका के खिलाफ जिम्बाब्वे की पहली जीत है। साथ ही यह जिम्बाब्वे का टी20 अंतरराष्ट्रीय में दूसरा सबसे बड़ा सफल रन चेज भी है।

कप्तान Sikandar Raza की धमाकेदार पारी

जीत के हीरो रहे जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा। उन्होंने 26 गेंदों में 45 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 173 से ज्यादा रहा। अपनी पारी में उन्होंने 2 चौके और 4 छक्के जड़े।

ओपनर ब्रायन बेनेट ने भी अहम भूमिका निभाई और 48 गेंदों पर 63 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। दोनों की पारियों ने श्रीलंकाई गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा और टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *