क्या एमएस धोनी बनेंगे टीम इंडिया के कोच? आकाश चोपड़ा ने तोड़ी चुप्पी, जानिए क्या कहा

KNEWS DESK- भारतीय क्रिकेट में जब भी नेतृत्व, धैर्य और सफलता की बात होती है, तो महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) का नाम सबसे ऊपर आता है। उनके शांत स्वभाव और रणनीतिक सोच ने भारत को कई ऐतिहासिक जीत दिलाई हैं। ऐसे में जब भी भारतीय टीम के कोच पद को लेकर चर्चाएं होती हैं, फैंस के मन में एक ही नाम आता है—कैप्टन कूल एमएस धोनी।

लेकिन क्या धोनी वाकई टीम इंडिया के हेड कोच बन सकते हैं? इस सवाल पर पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने बड़ा बयान दिया है।

अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए आकाश चोपड़ा ने साफ किया कि धोनी शायद ही कोचिंग में दिलचस्पी लें। उन्होंने कहा, “मुझे नहीं लगता कि एमएस धोनी कोचिंग देने में रुचि रखते हैं। उनके पास वो समय नहीं होगा जो इस जिम्मेदारी के लिए जरूरी है।”

आकाश ने यह भी समझाया कि अधिकतर पूर्व खिलाड़ी कोच क्यों नहीं बनते। उन्होंने कहा, “आपकी पूरी जिंदगी एक सूटकेस के साथ सफर में बीत जाती है। रिटायरमेंट के बाद खिलाड़ी आमतौर पर स्थिर जीवन जीना चाहते हैं। यही वजह है कि वे सालभर की कोचिंग जिम्मेदारी लेने से बचते हैं। कुछ खिलाड़ी IPL जैसी शॉर्ट टर्म लीग में कोचिंग करना पसंद करते हैं, जो सिर्फ दो महीने चलती है।”

धोनी भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में से एक रहे हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने:

2007 T20 वर्ल्ड कप

2011 वनडे वर्ल्ड कप

2013 चैंपियंस ट्रॉफी
जैसे बड़े टूर्नामेंट जीते।

इस शानदार रिकॉर्ड को देखते हुए फैंस अक्सर चाहते हैं कि धोनी भारतीय टीम की कोचिंग संभालें, लेकिन उनकी प्राथमिकताएं शायद अब बदल चुकी हैं।

वर्तमान में एमएस धोनी आईपीएल 2025 के लिए तैयारियों में जुटे हुए हैं। माना जा रहा है कि वह चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के साथ अगला सीजन भी खेल सकते हैं या फिर फ्रेंचाइज़ी से किसी रणनीतिक भूमिका में जुड़े रह सकते हैं। ऐसे में उनके भारतीय टीम के कोच बनने की संभावना तभी बढ़ेगी, जब वे क्रिकेट से पूरी तरह रिटायर हो जाएं।

गौरतलब है कि फिलहाल भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर हैं, जिन्होंने हाल ही में यह पद संभाला है। उनके पास युवा खिलाड़ियों के साथ काम करने का अच्छा अनुभव है और वह टीम में नई ऊर्जा ला रहे हैं।