आखिर कोहली के टैटू को अधूरा क्यों छोड़ा गया? सामने आ गई वजह…

KNEWS DESK- भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका खेल नहीं, बल्कि उनका नया टैटू है। आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले कोहली ने अपने टैटू कलेक्शन में एक खास और गहराई से जुड़ा डिजाइन शामिल किया है, जो उनके जीवन, अनुभव और व्यक्तिगत बदलावों को दर्शाता है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह टैटू उनकी बाईं बांह पर बनाया गया है, जहां पहले से मौजूद टैटू को हटाया नहीं गया, बल्कि उसे और ज्यादा अर्थपूर्ण बनाते हुए नए डिजाइन में पिरोया गया है। इस पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य पुराने अनुभवों को नई सोच और वर्तमान व्यक्तित्व के साथ जोड़ना है।

इस टैटू की शुरुआत भगवान भगवान शिव से प्रेरित एक आर्मबैंड को फिर से डिजाइन करने से हुई। इसके बाद यह एक खूबसूरत मंडला पैटर्न में बदलता है, जिसे डॉटवर्क तकनीक से तैयार किया गया है। यह पैटर्न पूरी बांह पर एक फ्लो बनाते हुए टैटू स्लीव का आधार तैयार करता है।

टैटू में कमल और पियोनी जैसे फूलों को भी शामिल किया गया है, जो मजबूती, विकास और आंतरिक संतुलन के प्रतीक माने जाते हैं। हालांकि, इन डिजाइनों के पीछे छिपे गहरे व्यक्तिगत अर्थ को पूरी तरह सार्वजनिक नहीं किया गया है, जिससे इसमें एक रहस्य भी बना हुआ है।

दिलचस्प बात यह है कि इस टैटू स्लीव को जानबूझकर अधूरा छोड़ा गया है। इसका मकसद यह है कि कोहली के जीवन में आने वाले नए अनुभव, उपलब्धियां और बदलाव भविष्य में इसमें जुड़ते रहें। यानी यह टैटू एक जीवंत कहानी की तरह है, जो समय के साथ आगे बढ़ती रहेगी।

Royal Challengers Bangalore के साथ 2008 से जुड़े कोहली आईपीएल इतिहास के सबसे सफल बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। आईपीएल 2025 में टीम को पहला खिताब दिलाने में उनकी अहम भूमिका रही थी, जहां उन्होंने 15 मैचों में 657 रन बनाए थे।

अब आईपीएल 2026 में आरसीबी अपने खिताब को बचाने के इरादे से उतरेगी, और एक बार फिर सभी की नजरें विराट कोहली पर होंगी—चाहे मैदान पर उनका प्रदर्शन हो या फिर मैदान के बाहर उनकी स्टाइल और पर्सनैलिटी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *