KNEWS DESK- दुनिया के सबसे लोकप्रिय क्रिकेटरों में शामिल और भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट देर रात अचानक डीएक्टिवेट हो गया, जिससे सोशल मीडिया पर सनसनी फैल गई। इंस्टाग्राम पर विराट कोहली का नाम सर्च करने पर उनकी प्रोफाइल नजर नहीं आ रही है, जिसके बाद उनके करोड़ों फैंस हैरान और परेशान दिख रहे हैं।
विराट कोहली के इंस्टाग्राम पर 274 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। ऐसे में उनका अकाउंट अचानक गायब हो जाना क्रिकेट प्रेमियों और सोशल मीडिया यूजर्स के बीच चर्चा का बड़ा विषय बन गया है। कई फैंस एक्स (पूर्व में ट्विटर) और इंस्टाग्राम पर स्क्रीनशॉट शेयर कर रहे हैं और अलग-अलग तरह की अटकलें लगा रहे हैं।
अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि विराट कोहली ने खुद अपना अकाउंट डीएक्टिवेट किया है या फिर यह इंस्टाग्राम की किसी तकनीकी गड़बड़ी का नतीजा है। इस पूरे मामले पर न तो विराट कोहली की ओर से और न ही उनकी टीम या मैनेजमेंट की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।
मामले को और रहस्यमय बनाते हुए मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि विराट कोहली के भाई विकास कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट भी सर्च करने पर नजर नहीं आ रहा है। उनके प्रोफाइल को खोलने की कोशिश करने वाले यूजर्स को भी ‘This profile isn’t available’ का संदेश दिखाई दे रहा है।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब विराट कोहली ने सोशल मीडिया से दूरी बनाई हो। इससे पहले वह अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से कई प्रमोशनल और विज्ञापन पोस्ट हटा चुके हैं। उस समय उन्होंने कहा था कि वह क्रिकेट और परिवार पर ज्यादा ध्यान देना चाहते हैं। हालांकि इस बार पूरा अकाउंट ही गायब हो जाना फैंस के लिए चौंकाने वाला है।
फिलहाल, विराट कोहली के इंस्टाग्राम अकाउंट को लेकर सस्पेंस बना हुआ है और सभी की नजरें आधिकारिक बयान या अकाउंट के दोबारा एक्टिव होने पर टिकी हुई हैं।