KNEWS DESK- भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने अंडर-19 विश्व कप में हिस्सा ले रही भारतीय टीम के खिलाड़ियों से वर्चुअल बातचीत की। यह बैठक सुपर सिक्स के अहम मुकाबले से पहले हुई, जिसमें टीम इंडिया को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से सामना करना है।
बीसीसीआई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस वर्चुअल मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि यह अनुभव खिलाड़ियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहा। सचिन ने खिलाड़ियों को सिर्फ तकनीकी कौशल और फिटनेस तक ही सीमित न रहकर एकाग्रता बनाए रखने, अनुशासन, विनम्रता और सफलता के बावजूद जमीन से जुड़े रहने के महत्व पर जोर दिया।
सुपर सिक्स ग्रुप बी में सेमीफाइनल में केवल एक टीम जगह बना पाएगी। इस लिहाज से रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मुकाबला निर्णायक माना जा रहा है। भारत की अंडर-19 टीम अब तक टूर्नामेंट में अजेय है, उसने अमेरिका, बांग्लादेश, न्यूजीलैंड और जिम्बाब्वे को हराया है। अगर टीम सेमीफाइनल में जगह सुनिश्चित करना चाहती है, तो पाकिस्तान को हराना अनिवार्य है।
सचिन तेंदुलकर ने 1992 से 2011 तक सबसे अधिक ICC क्रिकेट विश्व कप खेलने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इस दौरान उन्होंने 45 मैच में 2,278 रन बनाकर सर्वाधिक रन का रिकॉर्ड बनाया। सचिन छह विश्व कप में खेलने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं और उन्होंने 2011 का विश्व कप जीतकर अपने शानदार करियर का समापन किया।
सचिन का मार्गदर्शन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है और विशेषज्ञों का मानना है कि उनकी सलाह भारतीय अंडर-19 टीम को सुपर सिक्स मुकाबले में मानसिक मजबूती देने में अहम भूमिका निभा सकती है।