‘सेमीफाइनल में नहीं पहुंचेगी टीम इंडिया…’ पाकिस्तान के दिग्गज खिलाड़ी का बयान

KNEWS DESK- आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सुपर-8 चरण 21 फरवरी से शुरू होने जा रहा है और क्रिकेट प्रेमियों को जबरदस्त मुकाबलों की उम्मीद है। इस दौर में कुल 8 टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए आमने-सामने होंगी। टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है, जहां हर मुकाबला नॉकआउट से कम नहीं होगा।

सुपर-8 की शुरुआत से पहले पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज Mohammad Amir ने एक चौंकाने वाली भविष्यवाणी कर हलचल मचा दी है। आमिर का मानना है कि भारत इस बार सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच पाएगा और उसका सफर सुपर-8 में ही समाप्त हो जाएगा।

एक शो के दौरान उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच को छोड़ दें तो भारतीय बल्लेबाजी अन्य मुकाबलों में दबाव में नजर आई है। उनके अनुसार साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज की मौजूदा फॉर्म बेहद खतरनाक है और वे किसी भी टीम को हराने का दम रखते हैं।

ग्रुप-1 को इस बार सबसे कठिन माना जा रहा है। भारत, साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज ने अपने-अपने ग्रुप चरण के सभी चार मैच जीते हैं। वहीं जिम्बाब्वे ने तीन जीत और एक मैच बेनतीजा रहने के साथ सुपर-8 में जगह बनाई। ऐसे में इस ग्रुप की हर टीम लय में है और मुकाबले बेहद कांटे के होने की उम्मीद है।

टीम इंडिया अपना पहला सुपर-8 मुकाबला 22 फरवरी को अहमदाबाद में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 26 फरवरी को चेन्नई में जिम्बाब्वे से भिड़ंत होगी। भारत का आखिरी सुपर-8 मैच 1 मार्च को कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ निर्धारित है।

सेमीफाइनल में सीधी एंट्री के लिए भारत को कम से कम दो मुकाबले जीतने होंगे। हालांकि टीम की मौजूदा फॉर्म और घरेलू परिस्थितियों का फायदा उसे मजबूत दावेदार बनाता है, लेकिन सुपर-8 की कड़ी प्रतिस्पर्धा में हर मैच निर्णायक साबित होगा।

अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या मोहम्मद आमिर की भविष्यवाणी सच साबित होती है या फिर भारत अपने प्रदर्शन से आलोचकों को करारा जवाब देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *