टी20 वर्ल्ड कप 2026: पाकिस्तान भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करेगा, शहबाज शरीफ ने किया साफ

KNEWS DESK- T20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत से पहले पाकिस्तान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। पाकिस्तान ने टूर्नामेंट के शेड्यूल की घोषणा के बाद स्पष्ट कर दिया है कि वह 15 फरवरी को श्रीलंका के कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाले अपने मैच में भाग नहीं लेगा।

इस मसले को सुलझाने की उम्मीद थी कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से बातचीत कर समाधान निकालेगी, लेकिन अब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी इस फैसले की पुष्टि कर दी है। उन्होंने कहा कि भारत के खिलाफ मैच में पाकिस्तान की टीम मैदान में नहीं उतरेगी और यह निर्णय “सावधानीपूर्वक विचार के बाद लिया गया उचित कदम” है।

शहबाज शरीफ ने संघीय कैबिनेट को संबोधित करते हुए कहा, “खेल में राजनीति नहीं होनी चाहिए। लेकिन हमने पूरे मामले का सावधानीपूर्वक आकलन करने के बाद यह रुख अपनाया है। हमारा यह फैसला स्पष्ट और सोच-समझकर लिया गया है।”

इससे पहले पाकिस्तान सरकार ने अपने अधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल X पर घोषणा की थी कि PCB को निर्देश दिए गए हैं कि पाकिस्तान की टीम श्रीलंका में टूर्नामेंट में भाग लेगी, लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच में नहीं उतरेगी।

ICC ने पाकिस्तान के इस फैसले पर बयान जारी कर कहा है कि किसी टीम का चुनिंदा मैचों में भाग न लेना “एक ग्लोबल स्पोर्ट्स इवेंट के मूल सिद्धांतों” के अनुकूल नहीं है। ICC ने उम्मीद जताई है कि PCB और संबंधित पक्ष मिलकर ऐसा समाधान खोजेंगे जो सभी स्टेकहोल्डर्स के हितों की रक्षा करे।

पाकिस्तान के इस कदम को बांग्लादेश के समर्थन के रूप में भी देखा जा रहा है। बांग्लादेश ने पहले ICC से अनुरोध किया था कि उसके सभी मैच भारत से हटाकर श्रीलंका में कर दिए जाएं, क्योंकि उसके खिलाड़ी भारत में सुरक्षा जोखिम के कारण खेलना नहीं चाहते थे। ICC ने इस मुद्दे पर पूर्ण सदस्य देशों के साथ बैठक कर मतदान किया, जिसमें बांग्लादेश 2-14 से हार गया। बावजूद इसके, बांग्लादेश ने भारत में खेलने से इनकार किया और अंततः T20 वर्ल्ड कप से अपना नाम वापस ले लिया।

इस स्थिति के बाद अब क्रिकेट जगत की नजरें ICC और PCB की आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं, क्योंकि टूर्नामेंट के इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत-पाकिस्तान की अनुपस्थिति खेल और प्रशंसकों दोनों के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *