KNEWS DESK – टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले पाकिस्तान क्रिकेट टीम जबरदस्त चर्चा में है, लेकिन इसकी वजह न तो उसका प्रदर्शन है और न ही टीम कॉम्बिनेशन. सुर्खियों में आने की असली वजह पाकिस्तान सरकार का वह फैसला है, जिसमें भारत के खिलाफ मुकाबले के बहिष्कार का ऐलान किया गया है. इस फैसले ने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही बड़ा बवाल खड़ा कर दिया है. एक तरफ ICC के एक्शन की अटकलें लग रही हैं, तो दूसरी तरफ यह फैसला खुद पाकिस्तान के लिए भारी पड़ता नजर आ रहा है.
भारत और श्रीलंका की मेजबानी में शनिवार 7 फरवरी से मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत होने जा रही है. टूर्नामेंट के पहले दिन भारतीय टीम USA के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगी. हालांकि पहला मुकाबला पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच खेला जाना है. यह मैच 7 फरवरी को सुबह 11 बजे कोलंबो में होना है, जबकि भारत-USA मैच शाम 7 बजे से खेला जाएगा.
पाकिस्तान के मैचों पर मौसम का साया
पाकिस्तान के लिए मुश्किलें यहीं खत्म नहीं होतीं. पहले से तय शेड्यूल के अनुसार पाकिस्तान को अपने सभी ग्रुप मैच श्रीलंका में खेलने हैं. कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाले पहले मैच के दौरान भारी बारिश का अनुमान जताया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक दोपहर के बाद तेज बारिश हो सकती है. अगर मैच बारिश की भेंट चढ़ता है तो पाकिस्तान को सिर्फ 1 अंक से संतोष करना पड़ेगा.
इतना ही नहीं, 10 फरवरी को पाकिस्तान का दूसरा मुकाबला भी कोलंबो में ही USA के खिलाफ है. यह मैच वैसे ही चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि पिछले टी20 वर्ल्ड कप में अमेरिका ने पाकिस्तान को चौंकाते हुए हराया था. अब अगर उस दिन भी बारिश के कारण खेल पूरा नहीं हो पाता है, तो पाकिस्तान को एक बार फिर केवल 1 अंक ही मिलेगा.
भारत के खिलाफ मैच नहीं हुआ तो बढ़ेगी परेशानी
सबसे बड़ा सवाल 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर है. अगर पाकिस्तान सरकार के फैसले के चलते यह मुकाबला नहीं खेला जाता है, तो पाकिस्तान को सीधे 2 अंकों का नुकसान होगा. ऐसे में उसके पास आखिरी मैच में नामीबिया को हराने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा. मान लीजिए पाकिस्तान वह मैच जीत भी जाता है, तब भी उसके कुल 4 अंक ही हो पाएंगे.
वहीं दूसरी ओर USA, नीदरलैंड और नामीबिया जैसी टीमें अपने बाकी मैच भारत में खेलेंगी, जहां बारिश की संभावना कम है. इन टीमों के पास भी कम से कम 4 अंक हासिल करने का पूरा मौका रहेगा. ऐसे में अंक तालिका में पाकिस्तान पिछड़ सकता है और बिना मैदान पर उतरे ही टूर्नामेंट से बाहर होने की नौबत आ सकती है.