KNEWS DESK- भारतीय क्रिकेट के इतिहास में 8 मार्च 2026 का दिन हमेशा याद रखा जाएगा। टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीत लिया और लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को एकतरफा अंदाज में 96 रन से हराकर अपनी ताकत का लोहा मनवा दिया। यह भारत का तीसरा टी20 वर्ल्ड कप खिताब भी बन गया, जिससे टीम ने विश्व क्रिकेट में अपनी बादशाहत और मजबूत कर ली।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम का नाम भारतीय फैंस के लिए भावनाओं से जुड़ा हुआ है। इसी मैदान पर 19 नवंबर 2023 को वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था, जिसकी टीस आज भी क्रिकेट प्रेमियों के दिल में है। ऐसे में जब टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल भी इसी मैदान पर खेला जा रहा था, तो फैंस के मन में कहीं न कहीं उस हार की याद और एक हल्का डर जरूर मौजूद था।
लेकिन इस बार भारतीय टीम अलग इरादों के साथ मैदान में उतरी थी। खिलाड़ियों ने पुराने दर्द को पीछे छोड़ते हुए एक नई कहानी लिखने का संकल्प लिया और आखिरकार इतिहास रच दिया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। भारतीय बल्लेबाजों ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा और 20 ओवर में 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। यह टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर भी बन गया।
इस शानदार पारी के हीरो रहे संजू सैमसन, जिन्होंने लगातार तीसरा अर्धशतक जमाते हुए 89 रनों की शानदार पारी खेली। उनके अलावा ईशान किशन ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए टूर्नामेंट में अपनी तीसरी फिफ्टी लगाई। युवा बल्लेबाज अभिषेक ने भी 52 रनों की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।पारी के आखिरी ओवरों में शिवम दुबे ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 8 गेंदों में 26 रन ठोक दिए, जिससे भारत का स्कोर 250 के पार पहुंच गया। न्यूजीलैंड की ओर से जेम्स नीशम सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 3 विकेट हासिल किए।
255 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। भारतीय गेंदबाजों ने शानदार लाइन और लेंथ के साथ गेंदबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।