T20 World Cup 2026 Final: अहमदाबाद में भारत-न्यूजीलैंड की टक्कर, जानें मौसम और पिच कैसी रहेगी?

KNEWS DESK- टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 7 रन से हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में जगह बनाई है। अब खिताबी मुकाबले में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा। यह मैच 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम इस मैदान पर पिछली कड़वी यादों को पीछे छोड़ते हुए ट्रॉफी जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

दरअसल, साल 2023 में इसी मैदान पर भारत को वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। इतना ही नहीं, कुछ हफ्ते पहले इसी टूर्नामेंट के सुपर-8 मुकाबले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली करारी हार के बाद टीम इंडिया लगभग बाहर होने की कगार पर पहुंच गई थी। ऐसे में फाइनल मुकाबला भारतीय टीम के लिए काफी अहम माना जा रहा है।

टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत अब तक न्यूजीलैंड को नहीं हरा पाया है। ऐसे में टीम इंडिया के पास इस रिकॉर्ड को तोड़ने का बड़ा मौका होगा। हालांकि न्यूजीलैंड की टीम भी इस टूर्नामेंट में उतार-चढ़ाव से गुजरी है। ग्रुप स्टेज में उसे साउथ अफ्रीका से हार मिली थी, जबकि सुपर-8 में इंग्लैंड ने भी उसे मात दी थी।

लेकिन सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने शानदार वापसी की। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में फिन एलन ने सिर्फ 33 गेंदों में शतक जड़ दिया, जिसकी बदौलत कीवी टीम ने साउथ अफ्रीका को आसानी से हराकर फाइनल में जगह बना ली।

नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां लाल मिट्टी की मात्रा ज्यादा होने के कारण गेंद अच्छी तरह बल्ले पर आती है, जिससे बल्लेबाजों को शॉट खेलने में आसानी होती है। इसी वजह से फाइनल मुकाबले में भी हाई स्कोरिंग मैच देखने को मिल सकता है।

मौसम की बात करें तो अहमदाबाद में मैच के दिन गर्मी का असर देखने को मिल सकता है। Accuweather के अनुसार 8 मार्च की सुबह तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस रहेगा। दोपहर में यह बढ़कर लगभग 41 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि शाम के समय तापमान घटकर करीब 29 डिग्री रहने की संभावना है।

अच्छी बात यह है कि फाइनल मुकाबले के दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है। ऐसे में फैन्स को बिना किसी रुकावट के पूरा मुकाबला देखने को मिल सकता है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि क्या टीम इंडिया न्यूजीलैंड को हराकर इतिहास रच पाएगी या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *