Shubman Gill: 24वां जन्मदिन मना रहे शुभमन गिल, अब तक करियर में हासिल किए इतने वर्ल्ड रिकॉर्ड

KNEWS DESK- पंजाब से ताल्लुक रखने वाले शुभमन गिल आज यानि 8 सितंबर को अपना 24वां जन्मदिन मना रहे हैं। भारतीय क्रिकेट के भविष्य कहे जाने वाले शुभमन फिलहाल श्रीलंका में टीम इंडिया के साथ हैं जहां एशिया कप जारी है। उन्होंने वहां भी एक पारी से ही कीर्तिमान हासिल कर लिया और अब तक शुभमन अपने करियर में कई वर्ल्ड रिकॉर्ड हासिल कर चुके हैं वो भी आपको बताते हैं।

अंडर-16 लेवल पर खेली 351 रनों की पारी

पंजाब के फजिल्का में जन्मे शुभमन गिल का पहला प्यार क्रिकेट ही है।  उन्होंने छोटी उम्र से ही इस खेल को अपना लिया था। उनके पिता भी यही चाहते थे। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने पंजाब के इंटर-स्टेट अंडर-16 टूर्नामेंट में 351 रनों की पारी खेली थी। ये बात साल 2014 की है यानी आज से 9 साल पहले।  इतना ही नहीं, उन्होंने तब निर्मल सिंह के साथ 587 रनों की रिकॉर्ड पार्टनरशिप भी की। अंडर-19 क्रिकेट के दौरान इंग्लैंड के खिलाफ यूथ वनडे सीरीज में वह मैन ऑफ द सीरीज रहे और फिर भारतीय टीम में आते ही धमाल मचाया।

अब तक हासिल किए इतने वर्ल्ड रिकॉर्ड

शुभमन गिल की उम्र अभी 24 साल हुई है लेकिन उन्होंने एक नहीं कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं। यही वजह है कि उन्हें भारतीय क्रिकेट का भविष्य कहा जाता है। गिल वनडे में दोहरा शतक जड़ने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं। शुभमन ने इसी साल जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ 208 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी। इतना ही नहीं, उनके नाम हर फॉर्मेट में इंटरनेशनल लेवल पर शतक दर्ज है। वह ऐसा करने वाले भी सबसे कम उम्र के बल्लेबाज हैं।

टी20 शतक जड़ने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी

पंजाब से ताल्लुक रखने वाले शुभमन गिल भारत के लिए टी20 शतक जड़ने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी हैं। इसके अलावा आईपीएल में भी उनके कई रिकॉर्ड हैं। वह आईपीएल चैंपियन टीम गुजरात टाइटंस के साथ जुड़े हैं। वह सबसे कम उम्र में ऑरेंज कैप हासिल करने वाले खिलाड़ी और आईपीएल सीजन में 700 रन बनाने वाले भी उम्र के लिहाज से सबसे छोटे क्रिकेटर हैं।

About Post Author