KNEWS DESK- पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने शनिवार को अपनी जिंदगी की नई पारी की शुरुआत कर दी। उन्होंने अपनी लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड सोफी शाइन के साथ निजी समारोह में सात फेरे लिए। शादी समारोह सादगीपूर्ण रहा, जिसमें परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी रही।
विवाह के बाद धवन ने इंस्टाग्राम पर शादी की तस्वीरें साझा करते हुए कैप्शन लिखा—“मिस्टर एंड मिसेज धवन।” तस्वीरों में दोनों बेहद खुश नजर आ रहे हैं और फैंस सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर बधाइयां दे रहे हैं।
धवन और सोफी पिछले कुछ वर्षों से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे, हालांकि उन्होंने अपने रिश्ते को साल 2025 में सार्वजनिक किया। दोनों को पहली बार आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दौरान दुबई में साथ देखा गया था, जिसके बाद उनके रिश्ते की चर्चाएं तेज हो गई थीं।
शादी से पहले धवन ने अपने संगीत समारोह की तस्वीरें भी साझा की थीं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा था—“संगीत नाइट… लगभग धवन।” इन तस्वीरों में दोनों की केमिस्ट्री साफ नजर आ रही थी।
इसी साल जनवरी में दोनों ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी सगाई की घोषणा की थी। उस वक्त धवन ने लिखा था कि एक जैसी मुस्कान और सपनों ने उन्हें एक-दूसरे के करीब लाया है। अब शादी के बाद ‘गब्बर’ की नई शुरुआत को लेकर फैंस में खासा उत्साह है।
सोफी शाइन आयरलैंड की नागरिक हैं और फिलहाल शिखर धवन फाउंडेशन की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। यह फाउंडेशन खेल और सामाजिक कार्यों से जुड़ी गतिविधियों पर केंद्रित है। सोफी को सामाजिक कार्यों में गहरी रुचि है और वह पिछले कुछ समय से धवन के पेशेवर और निजी जीवन का अहम हिस्सा रही हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों की मुलाकात कुछ साल पहले दुबई में हुई थी। दोस्ती से शुरू हुआ यह रिश्ता धीरे-धीरे प्यार में बदल गया। सोफी को आईपीएल 2024 के दौरान पंजाब किंग्स के मैचों में भी धवन के साथ देखा गया था।
अब शादी के बाद यह जोड़ी अपनी नई जिंदगी की शुरुआत कर चुकी है और फैंस उन्हें खुशहाल वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दे रहे हैं।