रिंकू सिंह का फेसबुक अकाउंट हैक, T20 वर्ल्ड कप से पहले साइबर अपराधियों के निशाने पर टीम इंडिया के स्टार फिनिशर

KNEWS DESK – भारत में शनिवार, 7 फरवरी से आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत होने जा रही है। टूर्नामेंट के पहले ही दिन टीम इंडिया मैदान पर उतरेगी, जहां उसका सामना USA से होगा। टूर्नामेंट से पहले भारतीय टीम पूरी तरह तैयार नजर आ रही है, लेकिन इसी बीच टीम इंडिया के स्टार फिनिशर रिंकू सिंह को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है, जिसने सभी को चौंका दिया है।

दरअसल, रिंकू सिंह के सोशल मीडिया अकाउंट पर साइबर अपराधियों ने हमला कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, उनका फेसबुक अकाउंट हैक कर लिया गया है, जिससे बड़े फ्रॉड की आशंका जताई जा रही है। इस मामले की शिकायत खुद रिंकू सिंह ने पुलिस से की है, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रिंकू सिंह का फेसबुक अकाउंट हैक

मामला उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से जुड़ा है। रिंकू सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके फेसबुक अकाउंट पर पिछले कुछ समय से संदिग्ध गतिविधियां हो रही थीं। अलीगढ़ के एसएसपी नीरज जादौन ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि रिंकू ने फोन कॉल के जरिए इस बारे में पुलिस को अलर्ट किया था। उन्होंने बताया कि रिंकू काफी समय से इस अकाउंट का इस्तेमाल नहीं कर रहे थे, इसके बावजूद उस पर असामान्य एक्टिविटी देखी जा रही थी।

इसके बाद रिंकू के भाई सोनू सिंह ने अलीगढ़ पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि अकाउंट कब हैक हुआ और इसके पीछे कौन लोग हैं।

16 लाख फॉलोअर्स, फ्रॉड का खतरा

रिंकू सिंह के इस फेसबुक अकाउंट पर करीब 16 लाख फॉलोअर्स हैं। ऐसे में अकाउंट के गलत इस्तेमाल और आर्थिक धोखाधड़ी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी तरह के फाइनेंशियल फ्रॉड की पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच जारी है और साइबर सेल भी इस केस पर नजर बनाए हुए है।

पहले मैच में खेलते दिख सकते हैं रिंकू

इस बीच राहत की बात यह है कि इस विवाद का रिंकू सिंह के खेल पर फिलहाल कोई असर नहीं पड़ा है। रिंकू टीम इंडिया के साथ मुंबई में मौजूद हैं और शनिवार, 7 फरवरी को USA के खिलाफ होने वाले पहले मुकाबले में उनके खेलने की पूरी संभावना है। हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में उन्होंने प्लेइंग-11 में वापसी करते हुए शानदार बल्लेबाजी की थी। इसके अलावा साउथ अफ्रीका के खिलाफ वॉर्म-अप मैच में भी रिंकू ने अपने दमदार प्रदर्शन से सबको प्रभावित किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *