बिकने जा रही है RCB, 2 अरब डॉलर में हो सकती है डील, रेस में ये नाम सबसे आगे

KNEWS DESK- इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इतिहास में एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। टूर्नामेंट की सबसे लोकप्रिय और पुरानी टीमों में से एक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अब बेचने की प्रक्रिया में है। RCB की मालिक कंपनी डियाजियो (Diageo) ने टीम को बेचने का फैसला लिया है और रिपोर्ट्स के मुताबिक यह डील 31 मार्च 2026 तक पूरी हो सकती है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस समय RCB की कीमत करीब 2 अरब डॉलर (लगभग ₹16,600 करोड़) आंकी जा रही है। अब सवाल यह है कि इस सुपरहिट फ्रेंचाइजी का नया मालिक कौन होगा?

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, देश के दिग्गज उद्योगपति गौतम अडानी का अडानी ग्रुप RCB खरीदने की दौड़ में सबसे आगे माना जा रहा है। अडानी ग्रुप ने पहले भी IPL में शामिल होने की कोशिश की थी। जब 2021 में BCCI ने दो नई टीमों की घोषणा की थी, तब समूह ने अहमदाबाद फ्रेंचाइजी के लिए बोली लगाई थी, लेकिन वह मौका चूक गया था।
हालांकि अब महिला प्रीमियर लीग (WPL) में अडानी ग्रुप की टीम गुजरात जायंट्स मौजूद है। करीब 17 लाख करोड़ रुपये की मार्केट कैपिटलाइजेशन वाले इस ग्रुप के पास RCB जैसी टीम खरीदने की पूरी वित्तीय क्षमता है।

दुनिया की सबसे बड़ी वैक्सीन निर्माता कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) के सीईओ अदार पूनावाला भी RCB में दिलचस्पी दिखा चुके हैं। पूनावाला ने सोशल मीडिया पर यह कहा था कि “RCB सही कीमत पर एक शानदार निवेश साबित हो सकती है।” करीब 2 लाख करोड़ की वैल्यू वाली उनकी कंपनी के पास पर्याप्त संसाधन हैं और क्रिकेट के बढ़ते व्यावसायिक मूल्य को देखते हुए पूनावाला भी इस निवेश को लेकर उत्साहित हैं।

तीसरे बड़े दावेदार हैं सज्जन जिंदल का JSW ग्रुप, जो पहले से ही IPL और WPL में शामिल है। JSW वर्तमान में दिल्ली कैपिटल्स की सह-मालिक कंपनी है और इसे GMR ग्रुप के साथ मिलकर संचालित करती है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अब JSW पूरी तरह से RCB खरीदने की योजना बना रही है। अगर ऐसा होता है तो कंपनी दिल्ली कैपिटल्स में अपना हिस्सा बेच सकती है। इस निर्णय के पीछे एक बड़ी वजह बेंगलुरु से JSW का गहरा नाता है- कंपनी पहले से ही बेंगलुरु फुटबॉल क्लब (BFC) की मालिक है।

RCB खरीदने की दौड़ में एक और नाम है उद्योगपति रवि जयपुरिया का। जयपुरिया की कंपनी देव्यानी इंटरनेशनल भारत में KFC, पिज्जा हट और कोस्टा कॉफी जैसे अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स की चेन संचालित करती है। इसके अलावा उनकी कंपनी वरुण बेवरेजेस पेप्सीको की प्रमुख बोतलिंग पार्टनर है। हालांकि जयपुरिया का अब तक किसी भी खेल फ्रेंचाइजी से जुड़ाव नहीं रहा है।

इसके अलावा, अमेरिका की एक प्राइवेट इन्वेस्टमेंट कंपनी ने भी RCB को खरीदने में रुचि दिखाई है, लेकिन अभी तक उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

RCB को बेचने की प्रक्रिया पर काम तेज़ी से चल रहा है और उम्मीद है कि 31 मार्च 2026 तक यह डील पूरी हो जाएगी।
RCB IPL की सबसे लोकप्रिय टीमों में से एक है, जिसके करोड़ों फैंस हैं। विराट कोहली, एबी डिविलियर्स और ग्लेन मैक्सवेल जैसे स्टार खिलाड़ियों ने इस टीम को अंतरराष्ट्रीय पहचान दी है।