KNEWS DESK – आईपीएल 2024 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की टीम जहां शानदार फॉर्म में नजर आ रही है, वहीं कप्तान रजत पाटीदार को एक बड़ी जीत के बाद भी जुर्माने का सामना करना पड़ा है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ मिली 12 रन की अहम जीत के बावजूद पाटीदार पर स्लो ओवर रेट के कारण 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
स्लो ओवर रेट बना वजह
आईपीएल की ओर से जारी प्रेस रिलीज के अनुसार, पाटीदार को आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट की धारा 2.2 के तहत दोषी पाया गया है। यह इस सीज़न में उनकी टीम की स्लो ओवर रेट से जुड़ी पहली गलती थी, इसलिए नियमों के तहत उन पर ₹12 लाख का जुर्माना लगाया गया है।
यह जुर्माना 7 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए मैच के बाद लगाया गया। इस मुकाबले में RCB ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 12 रन से जीत हासिल की थी। इस जीत में कप्तान रजत पाटीदार की भूमिका बेहद अहम रही। उन्होंने 32 गेंदों पर 64 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जिसमें 4 छक्के और 5 चौके शामिल थे। उनकी इस शानदार पारी के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी चुना गया।
स्लो ओवर रेट के शिकारी सिर्फ पाटीदार नहीं
रजत पाटीदार आईपीएल 2024 में स्लो ओवर रेट के चलते जुर्माना झेलने वाले चौथे कप्तान बन गए हैं। इससे पहले :
30 मार्च: हार्दिक पंड्या (मुंबई इंडियंस) पर ₹12 लाख का जुर्माना|
31 मार्च: रियान पराग (राजस्थान रॉयल्स के कार्यवाहक कप्तान) पर जुर्माना|
5 अप्रैल: ऋषभ पंत (लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ) पर भी यही जुर्माना लगा था|
रजत पाटीदार की कप्तानी में RCB का प्रदर्शन अभी तक प्रभावशाली रहा है। टीम ने अब तक 4 मैचों में से 3 में जीत दर्ज की है, और केवल एक मुकाबले में हार का सामना किया है। यह रिकॉर्ड उन्हें प्लेऑफ की दौड़ में मजबूत दावेदार बना रहा है। आईपीएल में स्लो ओवर रेट को लेकर सख्त नियम हैं। अगर कोई टीम एक ही सीज़न में बार-बार इस गलती को दोहराती है तो कप्तान पर मैच बैन तक लग सकता है। ऐसे में रजत पाटीदार को आने वाले मुकाबलों में ओवर स्पीड का खास ध्यान रखना होगा।