KNEWS DESK- Indian Premier League 2026 के शुरुआती मुकाबलों में Rajasthan Royals ने जोरदार अंदाज में अपनी दावेदारी पेश कर दी है। गुवाहाटी में खेले गए मैच में राजस्थान ने Chennai Super Kings को एकतरफा मुकाबले में 8 विकेट से हराकर टूर्नामेंट का शानदार आगाज किया।
नए कप्तान Riyan Parag की अगुवाई में राजस्थान की टीम हर विभाग में बेहतरीन नजर आई। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का उनका फैसला बिल्कुल सही साबित हुआ। तेज गेंदबाज Nandre Burger और Jofra Archer ने चेन्नई के शीर्ष क्रम को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। दोनों ने मिलकर शुरुआती विकेट झटके, जिससे CSK दबाव में आ गई।
चेन्नई की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने 51 रन तक अपने 5 विकेट गंवा दिए। Sanju Samson, जो इस मैच में चेन्नई के लिए डेब्यू कर रहे थे, अपनी पुरानी टीम के खिलाफ कुछ खास नहीं कर सके और सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए। 94 रन तक 9 विकेट गिर जाने के बाद टीम मुश्किल में थी, लेकिन Jamie Overton की 43 रनों की जुझारू पारी ने स्कोर को 127 तक पहुंचाया।
127 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान को शुरुआत में झटका लग सकता था, लेकिन युवा ओपनर Vaibhav Suryavanshi को जीवनदान मिल गया। इसके बाद उन्होंने मैच को पूरी तरह अपने नाम कर लिया। वैभव ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया और 17 गेंदों पर 52 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 5 छक्के शामिल थे।
उनका साथ Yashasvi Jaiswal ने बखूबी निभाया, जिन्होंने 38 रन की संयमित पारी खेली। राजस्थान ने महज 12.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर बड़ी जीत दर्ज की।इस जीत के साथ राजस्थान और चेन्नई के बीच मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। अब तक दोनों टीमों के बीच खेले गए 32 मैचों में जीत-हार का आंकड़ा 16-16 से बराबर हो गया है। इतना ही नहीं, राजस्थान ने लगातार तीसरी बार चेन्नई को हराया है। 2022 के बाद से खेले गए 7 मुकाबलों में से 6 में राजस्थान ने जीत दर्ज की है, जबकि चेन्नई को सिर्फ एक जीत 2024 में मिली थी।सीजन की इस धमाकेदार शुरुआत के बाद राजस्थान रॉयल्स ने बाकी टीमों के लिए साफ संदेश दे दिया है कि इस बार वे खिताब के प्रबल दावेदार हैं।