PSL 2026: शाहीन शाह अफरीदी पर सुरक्षा उल्लंघन के आरोप में लगा 10 लाख रुपये का जुर्माना

KNEWS DESK- पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताज़ा मामले में लाहौर कलंदर्स ने अपने ही खिलाड़ी शाहीन शाह अफरीदी पर सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में 10 लाख पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना लगाया है।

यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब टीम होटल में कुछ अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने आपत्ति जताई। रिपोर्ट के मुताबिक़ ये चार व्यक्ति सिकंदर रजा के परिचित थे, जिन्हें खिलाड़ियों के कमरे में आने की अनुमति नहीं दी गई थी। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के सुरक्षा अधिकारियों और PSL के CEO सलमान नजीर ने स्पष्ट रूप से इस अनुरोध को खारिज कर दिया था। इसके बावजूद आरोप है कि शाहीन अफरीदी और सिकंदर रजा ने इन लोगों को कमरे में प्रवेश दिलाया।

पुलिस के अनुसार मेहमान लगभग तीन घंटे तक कमरे में रहे, जबकि सुरक्षा नियमों के तहत किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंधित है। हालांकि, सिकंदर रजा का दावा है कि मेहमान केवल 40 मिनट के लिए रुके थे। पुलिस ने पत्र जारी कर बताया कि दोनों खिलाड़ियों ने सुरक्षा अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी की, जो टीम और खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए बनाए गए थे।

लाहौर कलंदर्स ने इस मामले पर बयान जारी करते हुए कहा कि यह कोई जानबूझकर नियम तोड़ने का मामला नहीं था, बल्कि एक गलतफहमी थी। टीम ने एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) का पालन करने का पूरा सम्मान किया और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए बेहतर संवाद की आवश्यकता जताई।

हालांकि, टीम प्रबंधन ने अनुशासन बनाए रखने के लिए शाहीन अफरीदी पर जुर्माना लगाया, जबकि सिकंदर रजा के खिलाफ कोई आधिकारिक कार्रवाई नहीं हुई। रजा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पूरी जिम्मेदारी उनके ऊपर है और शाहीन अफरीदी को दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए।

टीम के अनुसार मामला जरूरत से ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही लीग और खिलाड़ियों दोनों के लिए खतरा पैदा कर सकती है, इसलिए सख्त कार्रवाई आवश्यक थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *