चेन्नई सुपरकिंग्स के फिर कप्तान बने महेंद्र सिंह धोनी, चोट के चलते IPL से बाहर हुए ऋतुराज गायकवाड़

KNEWS DESK –   इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के फैंस के लिए एक बार फिर से बड़ी खबर सामने आई है। महेंद्र सिंह धोनी को एक बार फिर टीम की कप्तानी सौंपी गई है। हालांकि इस बार उनकी वापसी प्रदर्शन की वजह से नहीं, बल्कि एक अप्रत्याशित चोट के चलते हुई है। CSK के मौजूदा कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ चोटिल होकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं, और उनकी गैरमौजूदगी में धोनी को फिर से कमान सौंपी गई है।

धोनी की कप्तानी में वापसी

साल 2022 के बाद पहली बार धोनी को दोबारा कप्तान बनाया गया है। इस फैसले से न सिर्फ चेन्नई की टीम को एक अनुभवी लीडर वापस मिला है, बल्कि फैंस में भी जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। लेकिन इस वापसी के पीछे की कहानी बेहद दिलचस्प है।

ऋतुराज गायकवाड़ की चोट की वजह बने हैं तुषार देशपांडे, जो कि पिछले सीजन तक CSK का हिस्सा थे। लेकिन इस बार राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए, 30 मार्च को चेन्नई के खिलाफ मैच में उन्होंने एक शॉर्ट पिच गेंद डाली जो सीधे गायकवाड़ की दाईं कोहनी पर जा लगी। शुरुआती झटके के बाद भी गायकवाड़ ने हिम्मत नहीं हारी और उस मुकाबले में 63 रन बनाए। लेकिन चोट गंभीर निकली और कोहनी में फ्रैक्चर पाया गया।

https://x.com/WhyyySoMuch/status/1910302411857572282

गायकवाड़ की चोट और टूर्नामेंट से बाहर होने की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तुषार देशपांडे को जमकर ट्रोल किया जा रहा है। फैंस का कहना है कि उन्होंने CSK के कप्तान को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया, जिससे टीम को बड़ा झटका लगा।

हैरानी की बात ये है कि गायकवाड़ ने चोट लगने के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के खिलाफ दो और मुकाबले खेले। दिल्ली के खिलाफ वो सिर्फ 5 रन ही बना सके, जबकि पंजाब के खिलाफ उन्होंने 1 रन पर पवेलियन लौट गए। अब गायकवाड़ केकेआर के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं।