मसूरी में आज वंशिका संग सात फेरे लेंगे कुलदीप यादव, क्रिकेट सितारों का लगा जमावड़ा

KNEWS DESK – भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव आज यानी 14 मार्च 2026 को अपनी बचपन की दोस्त वंशिका चड्ढा के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। यह शाही विवाह समारोह उत्तराखंड के खूबसूरत हिल स्टेशन मसूरी के मशहूर होटल सिवाय मसूरी में आयोजित किया जा रहा है, जहां क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियां पहुंच चुकी हैं।

हल्दी और मेहंदी में झूमे मेहमान

शादी से पहले 13 मार्च को हल्दी और मेहंदी की रस्में धूमधाम से निभाई गईं। इस दौरान परिवार के सदस्यों और करीबी दोस्तों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर डांस किया। समारोह में युजवेंद्र चहल, रिंकू सिंह, टी. दिलीप समेत कई मेहमान मौजूद रहे।

हल्दी समारोह में कुलदीप यादव पीले रंग के कुर्ता-पायजामा में नजर आए, जबकि वंशिका ने पीले रंग की साड़ी पहनी थी। वहीं मेहंदी कार्यक्रम के दौरान कुलदीप हल्के गुलाबी कुर्ता-पायजामा में दिखाई दिए और वंशिका गहरे गुलाबी रंग की साड़ी में बेहद खूबसूरत लग रही थीं।

क्रिकेट जगत की हस्तियों का जमावड़ा

इस शाही शादी में शामिल होने के लिए कई मशहूर क्रिकेटर मसूरी पहुंच चुके हैं। समारोह में सुरेश रैना, मोहम्मद कैफ, तिलक वर्मा, आर.पी. सिंह, मोहित शर्मा, रिंकू सिंह और उनकी मंगेतर व समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज भी मौजूद हैं।

आज होंगे सात फेरे

14 मार्च को शादी का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के अनुसार सुबह 8 बजे से मेहमानों के लिए नाश्ते की व्यवस्था की गई है, जबकि दोपहर 12 बजे से भव्य भोजन परोसा जाएगा। शाम 4 बजे हाई टी और साफा बांधने का कार्यक्रम होगा।

शाम 5 बजे होटल सिवाय के प्रीमियम वैली व्यू विंग से बारात निकलेगी। इसके बाद शाम 6:30 बजे सेंट्रल लॉज में जयमाला का कार्यक्रम होगा और फिर रॉयल बॉलरूम में सात फेरों की रस्म पूरी की जाएगी।

मेहमानों के लिए खास इंतजाम

शादी में आए मेहमानों के लिए पहाड़ी और पारंपरिक व्यंजनों का खास इंतजाम किया गया है। तीन दिनों तक चलने वाले इस भव्य समारोह में पारंपरिक और आधुनिक कार्यक्रमों का मिश्रण देखने को मिलेगा।

15 मार्च को सुबह 8 बजे नाश्ते के बाद मेहमानों के लिए विदाई और चेक-आउट की व्यवस्था की गई है। कुल मिलाकर कुलदीप यादव की यह शाही शादी क्रिकेट जगत और उनके प्रशंसकों के बीच चर्चा का केंद्र बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *