KNEWS DESK- मुंबई इंडियंस ने आखिरकार अपने नए सीजन की शुरुआत जीत के साथ करते हुए लंबे समय से चली आ रही हार की परंपरा को खत्म कर दिया। आईपीएल 2026 के अपने पहले मुकाबले में टीम ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 6 विकेट से हराकर शानदार अंदाज में अभियान का आगाज किया। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मैच में मुंबई ने 221 रन के विशाल लक्ष्य को आखिरी ओवर में हासिल कर इतिहास रच दिया। यह टीम का आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा सफल रनचेज भी साबित हुआ।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता की टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 220 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। कप्तान अजिंक्य रहाणे ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 67 रन बनाए, जबकि फिन ऐलन ने 37 रन की तेज पारी खेली। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी हुई। इसके बाद युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने भी 51 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। मुंबई की ओर से गेंदबाजी में शार्दुल ठाकुर सबसे सफल रहे, जिन्होंने 3 विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत भी बेहद धमाकेदार रही। रोहित शर्मा और रायन रिकल्टन की ओपनिंग जोड़ी ने कोलकाता के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। दोनों बल्लेबाजों ने तेजी से रन बटोरे और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। रोहित ने 78 रन बनाए, जबकि रिकल्टन ने 81 रन की शानदार पारी खेली। दोनों ने मिलकर सिर्फ 11.5 ओवर में 148 रन की साझेदारी की, जिसने मैच का रुख पूरी तरह मुंबई की ओर मोड़ दिया।
हालांकि दोनों बल्लेबाज अपने-अपने शतक से चूक गए, लेकिन तब तक जीत लगभग तय हो चुकी थी। अंत में मुंबई ने 19.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और मैच अपने नाम कर लिया।
इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया। टीम ने आईपीएल के इतिहास में अपना सबसे बड़ा लक्ष्य सफलतापूर्वक चेज किया। इसके अलावा, यह 14 साल बाद पहली बार हुआ है जब मुंबई ने सीजन का पहला मैच जीता है। इससे पहले टीम ने 2012 में अपने पहले मुकाबले में जीत हासिल की थी, जिसके बाद लगातार 13 सीजन तक उसे शुरुआती मैच में हार का सामना करना पड़ा था।