KNEWS DESK – टी20 वर्ल्ड कप 2026 की धूम लगातार जारी है। सुपर 8 के मुकाबले इस बार हर मैच के नतीजे काफी अहम हैं। ग्रुप 1 में इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका पहले ही सेमीफाइनल में पहुँच चुके हैं। अब बचे हुए सेमीफाइनल के टिकट के लिए 1 मार्च 2026 को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज आमने-सामने होंगे। यह मैच ‘करो या मरो’ की तरह होगा जिस टीम की जीत होगी, वही सेमीफाइनल में प्रवेश करेगी।
लेकिन सवाल यह उठता है कि अगर यह मैच किसी वजह से रद्द हो गया तो क्या होगा और कौन सेमीफाइनल में जाएगा?
सुपर 8 ग्रुप 1 की वर्तमान स्थिति
- साउथ अफ्रीका: नंबर 1, सेमीफाइनल में क्वालीफाई
- वेस्टइंडीज: नंबर 2, 2 अंक, NRR +1.791
- भारत: नंबर 3, 2 अंक, NRR -0.100
भारत और वेस्टइंडीज दोनों के पास बराबर 2 अंक हैं। इस ग्रुप की दूसरी सेमीफाइनलिस्ट टीम इसी मुकाबले के नतीजे पर तय होगी।
मैच रद्द होने पर नियम क्या है?
आईसीसी नियम के अनुसार, पहले पूरी कोशिश होती है कि मैच पूरा कराया जाए। अगर दोनों टीमों से कम से कम 5-5 ओवर खेला जा सके तो मैच वैध माना जाएगा। लेकिन अगर किसी कारण जैसे बारिश से मैच पूरा नहीं हो पाता है, तो दोनों टीमों को 1-1 अंक मिलेंगे।
इस स्थिति में भारत और वेस्टइंडीज दोनों के पास 3-3 अंक होंगे। तब सेमीफाइनल की सीट का फैसला नेट रन रेट (NRR) के आधार पर होगा।
कौन सेमीफाइनल में जाएगा?
वेस्टइंडीज का NRR +1.791 है, जबकि भारत का NRR -0.100 है। इसका मतलब साफ है कि अगर मैच रद्द होता है तो वेस्टइंडीज की टीम सेमीफाइनल में जाएगी, जबकि भारत का सफर यहीं खत्म हो जाएगा। यह टीम इंडिया के लिए बड़ा झटका होगा, क्योंकि पिछले मैचों में उनकी मेहनत बेकार हो जाएगी।
मौसम का हाल
कोलकाता में 1 मार्च को मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार बारिश की कोई संभावना नहीं है। इसलिए भारत और वेस्टइंडीज के बीच यह निर्णायक मैच तय समय पर खेला जाएगा।
भारत और वेस्टइंडीज ने टी20 वर्ल्ड कप 2016 में सेमीफाइनल में मुकाबला किया था, जिसमें विंडीज ने जीत दर्ज की थी। इस बार सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया मैदान में उतरते हुए 10 साल पुरानी हार का बदला लेने की कोशिश करेगी।