KNEWS DESK- टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप मुकाबले में भारतीय टीम ने नामीबिया को गुरुवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में 93 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने ईशान किशन और हार्दिक पांड्या की दमदार अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में नौ विकेट पर 209 रन बनाए। जवाब में नामीबिया की टीम 18.2 ओवर में 116 रन पर ऑलआउट हो गई। इस जीत के साथ भारत ने ग्रुप ए की अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है।
इस मैच के लिए भारतीय टीम के प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए गए। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को बाहर रखा गया, जबकि जसप्रीत बुमराह और संजू सैमसन की वापसी हुई। टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया कि अभिषेक शर्मा पेट की समस्या से उबर रहे हैं और इस कारण एक-दो मैचों तक बाहर रह सकते हैं। अभिषेक पिछले कुछ दिनों से पेट संक्रमण से जूझ रहे थे और अस्पताल में भर्ती भी हुए थे। हालांकि उन्हें छुट्टी मिल चुकी है और वे स्टेडियम में टीम के साथ नजर आए, लेकिन अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि अभिषेक का पाकिस्तान के खिलाफ रविवार को कोलंबो में होने वाला मैच खेलना उनके अभ्यास सत्र पर निर्भर करेगा। यदि वह नेट्स में लंबे समय तक सामान्य रूप से बल्लेबाजी कर पाते हैं, तो इसे उनके फिट होने का संकेत माना जाएगा। पिछले साल के नेट सत्र में अभिषेक कई बार तीन घंटे तक अभ्यास करते रहे हैं, जिसमें 75-90 मिनट लगातार बल्लेबाजी शामिल थी।
भारत ने अब तक टूर्नामेंट में लगातार दो जीत दर्ज की हैं। इससे पहले टीम ने अपने पहले मैच में अमेरिका को हराकर शानदार शुरुआत की थी। अब भारतीय टीम की नजरें हाई-प्रेशर मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ रविवार (15 फरवरी) को कोलंबो में होने वाले मैच पर हैं।