IND vs NZ Final: क्या बदलेगी टीम इंडिया की प्लेइंग XI? मैच से पहले आया बड़ा अपडेट

KNEWS DESK – आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। यह खिताबी मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा। मैच से पहले टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन अब एक रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है।

रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय टीम फाइनल मुकाबले में अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं करने वाली है। कप्तान सूर्यकुमार यादव उसी टीम कॉम्बिनेशन के साथ मैदान पर उतरेंगे, जिसने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।

सेमीफाइनल वाली टीम पर भरोसा

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार टीम मैनेजमेंट और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने खिलाड़ियों पर पूरा भरोसा जताया है। यही वजह है कि सेमीफाइनल में जीत दिलाने वाली टीम को ही फाइनल में मौका दिया जाएगा।

गुरुवार 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को हराकर शानदार जीत दर्ज की थी। उसी प्रदर्शन को दोहराने की उम्मीद के साथ टीम इंडिया मैदान में उतरेगी।

कुछ खिलाड़ियों की फॉर्म पर सवाल

हालांकि, सेमीफाइनल में जीत के बावजूद टीम इंडिया की बल्लेबाजी और गेंदबाजी को लेकर कुछ सवाल उठे थे। खासतौर पर ओपनर अभिषेक शर्मा और मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की फॉर्म को लेकर चर्चा हुई थी।

अभिषेक शर्मा टूर्नामेंट में अभी तक ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं। जिम्बाब्वे के खिलाफ अर्धशतक को छोड़ दें तो बाकी मैचों में उनका प्रदर्शन साधारण रहा है। वहीं वरुण चक्रवर्ती भी पिछले कुछ मैचों में थोड़े महंगे साबित हुए हैं।

इसके बावजूद टीम मैनेजमेंट को इन दोनों खिलाड़ियों पर भरोसा है। वरुण चक्रवर्ती ने इस टूर्नामेंट में अब तक 13 विकेट लिए हैं और वह सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में शामिल हैं।

भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन

फाइनल मुकाबले के लिए भारत की संभावित टीम इस प्रकार हो सकती है| अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *