KNEWS DESK- पाकिस्तान को 1992 में विश्व कप जिताने वाले पूर्व कप्तान और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान इस समय रावलपिंडी की आदियाला जेल में बंद हैं। 2023 में लाहौर से गिरफ्तारी के बाद से वे विभिन्न मामलों में न्यायिक हिरासत में हैं। अब उनकी सेहत को लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत के कई दिग्गजों ने चिंता जताई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इमरान खान की तबीयत बिगड़ने की खबरों के बीच 14 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार को ईमेल भेजकर उनके साथ मानवीय व्यवहार सुनिश्चित करने की अपील की है।
पूर्व क्रिकेटरों ने अपने पत्र में इमरान खान के योगदान को याद दिलाते हुए तीन अहम मांगें रखी हैं—
उचित चिकित्सा सुविधा– इमरान को तुरंत बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए और उन्हें अपनी पसंद के विशेषज्ञ डॉक्टरों से उपचार की अनुमति दी जाए।
मानवीय व्यवहार– अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार सम्मानजनक कैद दी जाए और परिवार व दोस्तों से मुलाकात की अनुमति मिले।
निष्पक्ष कानूनी प्रक्रिया– उन्हें पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से अपनी कानूनी लड़ाई लड़ने का अवसर दिया जाए।
इस पहल में भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव और सुनील गावस्कर के अलावा कई अन्य देशों के दिग्गज कप्तान शामिल हैं। इनमें माइकल एथर्टन, एलन बॉर्डर, ग्रेग चैपल, इयान चैपल, बेलिंडा क्लार्क, नासिर हुसैन, क्लाइव लॉयड और स्टीव वॉ जैसे नाम शामिल हैं।
इमरान खान की कप्तानी में पाकिस्तान ने 1992 में क्रिकेट विश्व कप जीता था, जो देश के क्रिकेट इतिहास का स्वर्णिम अध्याय माना जाता है। बाद में उन्होंने राजनीति में कदम रखा और प्रधानमंत्री पद तक पहुंचे।
हालांकि, मौजूदा समय में वे कई मामलों का सामना कर रहे हैं और लगभग 1000 दिनों से जेल में हैं। पूर्व कप्तानों ने अपने पत्र में लिखा कि इमरान खान न केवल पाकिस्तान बल्कि विश्व क्रिकेट के महान खिलाड़ियों में से एक रहे हैं और उनके योगदान को देखते हुए उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए। यह देखना दिलचस्प होगा कि पाकिस्तान सरकार इस अंतरराष्ट्रीय अपील पर क्या प्रतिक्रिया देती है।