KNEWS DESK- भारतीय क्रिकेटर हार्दिक पांड्या और उनकी पूर्व पत्नी नताशा स्टैनकोविक भले ही अब अलग राहों पर हों, लेकिन बेटे अगस्त्य की परवरिश को लेकर दोनों की समझदारी एक बार फिर सुर्खियों में है। हाल ही में एक नई लग्जरी एसयूवी को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। काले रंग की इस प्रीमियम गाड़ी की कीमत करीब 3 से 4 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
नताशा को बेटे अगस्त्य के साथ इस शानदार कार के पास पोज देते देखा गया, जिसके बाद तस्वीरें तेजी से वायरल हो गईं। खास बात यह रही कि वाहन निर्माता कंपनी ने खुद इन तस्वीरों को साझा करते हुए बताया कि हार्दिक पांड्या ने एक बार फिर उनकी लग्जरी कार को चुना है। पोस्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि मुंबई में अगस्त्य पांड्या और स्टैनकोविक को Land Rover की डिफेंडर डिलीवर की गई।
कंपनी के कैप्शन के बाद फैंस के बीच यह चर्चा तेज हो गई कि क्या यह गाड़ी हार्दिक की ओर से कोई खास तोहफा है। हालांकि इस पर आधिकारिक तौर पर कुछ स्पष्ट नहीं किया गया है, लेकिन तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर हलचल जरूर मचा दी है।
जुलाई 2024 में आधिकारिक रूप से अलग होने के बावजूद हार्दिक और नताशा बेटे अगस्त्य की संयुक्त परवरिश को प्राथमिकता देते नजर आए हैं। दोनों को कई मौकों पर बेटे के साथ समय बिताते देखा गया है। हार्दिक ने भी कई बार कहा है कि उनका बेटा उनकी पहली प्राथमिकता है।
हाल के दिनों में हार्दिक का नाम अभिनेत्री माहिका शर्मा के साथ जोड़ा गया। उन्होंने सोशल मीडिया पर माहिका के जन्मदिन पर एक वीडियो साझा किया था, जो चर्चा में रहा। टी20 विश्वकप मैचों के दौरान भी दोनों साथ नजर आए थे।
दूसरी ओर, नताशा स्टैनकोविक अपने करियर और फिटनेस पर फोकस कर रही हैं। एक हालिया इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि वह दोबारा प्यार के लिए खुली हैं और जीवन की चुनौतियों ने उन्हें और मजबूत बनाया है। उनका यह बयान उनके आत्मविश्वास और नई शुरुआत की ओर इशारा करता है।
फिलहाल, मुंबई की सड़कों पर दौड़ती यह लग्जरी एसयूवी सिर्फ ग्लैमर का प्रतीक नहीं, बल्कि यह भी दर्शाती है कि अलगाव के बाद भी परिपक्वता और आपसी सम्मान के साथ आगे बढ़ा जा सकता है।