KNEWS DESK- भारतीय घरेलू क्रिकेट जगत से एक बेहद दुखद खबर आई है। त्रिपुरा के पूर्व क्रिकेटर राजेश बानिक का सड़क हादसे में निधन हो गया। 40 वर्षीय इस ऑलराउंडर ने भारत के दिग्गज खिलाड़ियों इरफान पठान और अंबाती रायडू के साथ क्रिकेट खेला था। बानिक का यह हादसा 31 अक्टूबर की रात पश्चिम त्रिपुरा के आनंदनगर क्षेत्र में हुआ। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें अगरतला के जीबीपी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
राजेश बानिक के निधन की खबर से त्रिपुरा सहित पूरे भारतीय क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। त्रिपुरा क्रिकेट संघ (TCA) ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। TCA के सचिव सुब्रत डे ने कहा, “यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमने एक प्रतिभाशाली क्रिकेटर और अंडर-16 क्रिकेट टीम के समर्पित सेलेक्टर को खो दिया है। इस खबर से पूरा क्रिकेट परिवार स्तब्ध है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।”
12 दिसंबर, 1984 को अगरतला के कृष्णा नगर इलाके में जन्मे राजेश बानिक बचपन से ही एक असाधारण क्रिकेट प्रतिभा के रूप में पहचाने गए। वे एक मिडल-ऑर्डर बल्लेबाज और लेग-ब्रेक गेंदबाज थे। उन्होंने 2002-03 रणजी ट्रॉफी सीजन में त्रिपुरा के लिए डेब्यू किया और जल्द ही राज्य टीम के प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल हो गए।
राजेश बानिक ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर कॉस्टकटर वर्ल्ड चैलेंज 2000 के लिए भारत की अंडर-15 टीम में जगह बनाई थी, जहां उन्होंने देश का प्रतिनिधित्व किया। उस टूर्नामेंट में उन्होंने भारत के भविष्य के स्टार खिलाड़ियों इरफान पठान और अंबाती रायडू के साथ ड्रेसिंग रूम साझा किया था।
राजेश बानिक ने अपने करियर में 42 फर्स्ट क्लास मैच, 24 लिस्ट ए मैच, और 18 टी20 मैचों में त्रिपुरा का प्रतिनिधित्व किया।
वह 2016-17 रणजी ट्रॉफी सीजन के दौरान टीम का हिस्सा थे, जब त्रिपुरा ने अपने इतिहास में पहली बार क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी — जो राज्य के क्रिकेट इतिहास का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन माना जाता है।