KNEWS DESK- पाकिस्तान के अनुभवी बल्लेबाज Fakhar Zaman को बड़ा झटका लगा है। पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) की तकनीकी समिति ने उनकी अपील खारिज कर दी है, जिसके बाद उन पर लगा दो मैचों का निलंबन बरकरार रहेगा।
Lahore Qalandars के ओपनर फखर जमां पर गेंद से छेड़छाड़ (बॉल टैंपरिंग) का आरोप लगा था। इस मामले में मैच रेफरी Roshan Mahanama ने उन्हें दोषी मानते हुए दो मैचों का बैन लगाया था, जिसे चुनौती देते हुए फखर ने अपील की थी।
हालांकि, Pakistan Cricket Board (पीसीबी) द्वारा गठित तीन सदस्यीय तकनीकी समिति ने सभी सबूतों और गवाहों के बयान सुनने के बाद मैच रेफरी के फैसले को सही ठहराया। समिति में प्रोफेसर जावेद मलिक, डॉ. मुमरेज नक्शबंद और सैयद अली नकी शामिल थे।
यह मामला 29 मार्च को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले के दौरान सामने आया था, जहां Karachi Kings के खिलाफ मैच में फखर पर गेंद की स्थिति बदलने का आरोप लगा। अंपायरों ने इस पर कार्रवाई करते हुए विरोधी टीम को पांच रन की पेनाल्टी भी दी थी और गेंद को बदल दिया गया था।
पीसीबी के अनुसार, फखर जमां ने PSL के आचार संहिता के अनुच्छेद 2.14 का उल्लंघन किया, जो गेंद की स्थिति में अवैध बदलाव से संबंधित है। यह लेवल-3 का अपराध माना जाता है, जिसमें कम से कम एक और अधिकतम दो मैचों का प्रतिबंध लगाया जा सकता है।
फखर ने सुनवाई के दौरान अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया था और खुद को निर्दोष बताया था। इस दौरान Shaheen Shah Afridi समेत टीम के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
तकनीकी समिति ने स्पष्ट किया कि उनका फैसला अंतिम और बाध्यकारी है। ऐसे में अब फखर जमां को आगामी दो मुकाबलों से बाहर रहना होगा, जो उनकी टीम के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है।