KNEWS DESK – भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह की सगाई की खबरें इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बनी हुई हैं। कई पोस्ट और रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि रिंकू सिंह ने समाजवादी पार्टी की युवा सांसद प्रिया सरोज के साथ सगाई कर ली है और जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। हालांकि, इन खबरों की आधिकारिक पुष्टि न तो रिंकू सिंह ने की है और न ही उनके परिवार या प्रिया सरोज की ओर से कोई बयान सामने आया है।
टी20 में भारत का चमकता सितारा: रिंकू सिंह
रिंकू सिंह भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे हैं। 2024 के टी20 वर्ल्ड कप विजेता टीम में ट्रेवलिंग रिजर्व के रूप में शामिल रिंकू ने हाल के वर्षों में क्रिकेट के मैदान पर अपनी शानदार परफॉर्मेंस से सभी को प्रभावित किया है। आईपीएल 2023 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए उन्होंने शानदार खेल दिखाया और टीम के तीसरे खिताब में अहम भूमिका निभाई।
https://www.instagram.com/p/DE7PLnkJDYN/
रिंकू सिंह ने अब तक भारत के लिए 30 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 507 रन बनाए हैं। इसके अलावा, उन्होंने दो वनडे मैचों में 55 रन बनाए हैं। उनकी मैच फिनिशर की भूमिका के लिए उनकी खूब प्रशंसा होती है।
सोशल मीडिया पर वायरल दावे
सोशल मीडिया पर यह दावा तेजी से फैल रहा है कि रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की सगाई हो चुकी है। हालांकि, रिंकू के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर इस बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की गई है।
कौन हैं प्रिया सरोज?
प्रिया सरोज उत्तर प्रदेश के वाराणसी से ताल्लुक रखती हैं। उनका जन्म 23 नवंबर 1998 को हुआ था। प्रिया तीन बार सांसद रह चुके और वर्तमान विधायक तूफानी सरोज की बेटी हैं। राजनीति में कदम रखते हुए उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में मछलीशहर निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की थी। उन्होंने अपने मजबूत नेतृत्व और सशक्त व्यक्तित्व के दम पर भारतीय राजनीति में अपनी जगह बनाई है।
प्रिया सरोज समाजवादी पार्टी की उभरती हुई नेता मानी जाती हैं और उनकी छवि एक सक्रिय और प्रेरणादायक नेता की है।
क्या है सच्चाई?
हालांकि, रिंकू सिंह और प्रिया सरोज के रिश्ते को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं, लेकिन दोनों में से किसी ने भी इस मामले में आधिकारिक बयान नहीं दिया है। यह संभव है कि यह महज अफवाह हो, या फिर दोनों ने अपनी निजी जिंदगी को सार्वजनिक रूप से साझा न करने का फैसला लिया हो