IPL 2025 से पहले बड़ा झटका, संजू सैमसन छोड़ सकते हैं राजस्थान रॉयल्स, KKR या CSK में जाने की अटकलें तेज़

KNEWS DESK- IPL 2025 से पहले एक बार फिर बड़ा ट्रेड हंगामा देखने को मिल सकता है। पिछले साल हार्दिक पंड्या के गुजरात टाइटंस छोड़कर मुंबई इंडियंस में लौटने से क्रिकेट जगत में हलचल मच गई थी। अब उसी तरह की हलचल एक बार फिर नजर आ रही है, क्योंकि रिपोर्ट्स के मुताबिक राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने फ्रेंचाइजी को राजस्थान छोड़ने की इच्छा जता दी है। अगर यह फैसला हकीकत में तब्दील होता है, तो IPL इतिहास में यह एक और बड़ा ट्रेड माना जाएगा।

संजू सैमसन पिछले 8 सीजन से राजस्थान रॉयल्स के साथ जुड़े हुए हैं और पिछले 5 साल से कप्तानी भी कर रहे हैं। उन्होंने फ्रेंचाइजी को औपचारिक रूप से यह बता दिया है कि वो अब किसी नई टीम के साथ जुड़ना चाहते हैं। उनके इस फैसले के पीछे के कारणों को लेकर अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है, लेकिन माना जा रहा है कि बदलाव की चाह और नई भूमिका की तलाश इस निर्णय की वजह हो सकती है।

सबसे ज्यादा चर्चा चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को लेकर हो रही है। खबरें हैं कि CSK ने संजू में रुचि दिखाई है और उन्हें MS धोनी के संभावित उत्तराधिकारी के रूप में देखा जा रहा है। सैमसन यदि CSK में आते हैं तो वो विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं, लेकिन कप्तानी की भूमिका मिलना मुश्किल है, क्योंकि टीम ने पहले ही ऋतुराज गायकवाड़ को अपना भविष्य का कप्तान घोषित कर दिया है।

ऐसे में सवाल यह है कि क्या संजू सैमसन बिना कप्तानी भूमिका के CSK में शामिल होना चाहेंगे? या फिर वो ऐसी टीम की तलाश में हैं जहां उन्हें नेतृत्व की जिम्मेदारी भी मिले।

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) सैमसन के लिए शायद सबसे व्यवहारिक और लाभदायक विकल्प बन सकता है। KKR को एक स्थायी कप्तान, मजबूत विकेटकीपर और टॉप-ऑर्डर बैटर की जरूरत है—और संजू ये तीनों भूमिकाएं एक साथ निभा सकते हैं।

पिछले सीजन में KKR ने अजिंक्य रहाणे को कप्तान और डिकॉक को विकेटकीपर-बल्लेबाज़ की भूमिका दी थी, लेकिन दोनों अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर सके। ऐसे में संजू सैमसन के आने से KKR को तीन समस्याओं का एक समाधान मिल सकता है।

एक अन्य विकल्प के तौर पर दिल्ली कैपिटल्स का नाम भी सामने आ रहा है। टीम ने पिछले सीजन अक्षर पटेल को कप्तान बनाया था, लेकिन प्लेऑफ की दौड़ में टीम पीछे रह गई। संजू सैमसन दिल्ली के लिए एक बेहतर कप्तानी विकल्प हो सकते हैं और साथ ही विकेटकीपर और ओपनर की भूमिका भी निभा सकते हैं। दिल्ली से सैमसन का पुराना रिश्ता भी रहा है, इसलिए यह वापसी फैंस के लिए भी भावुक क्षण हो सकती है।

अगर संजू वाकई टीम छोड़ते हैं तो राजस्थान रॉयल्स को नया कप्तान तलाशना होगा। यशस्वी जायसवाल और रियान पराग जैसे युवा खिलाड़ियों के नाम सामने आ सकते हैं, लेकिन इतनी बड़ी जिम्मेदारी के लिए क्या वो तैयार हैं? या फिर फ्रेंचाइजी किसी सीनियर खिलाड़ी को टीम में शामिल कर कप्तानी सौंपेगी—ये देखने वाली बात होगी।