KNEWS DESK- टी20 विश्व कप 2026 में भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। पाकिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच खेलने से इनकार किए जाने के बाद अब इस मामले पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। BCCI ने साफ किया है कि वह इस पूरे मुद्दे पर आईसीसी के रुख से सहमत है और फिलहाल किसी भी तरह की जल्दबाजी में बयान नहीं देगा।
भारत और पाकिस्तान के बीच यह हाई-प्रोफाइल मुकाबला 15 फरवरी को श्रीलंका के कोलंबो में खेला जाना है। हालांकि, पाकिस्तान सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि उसकी टीम इस मैच का बहिष्कार करेगी। इसके बावजूद भारतीय टीम ने आईसीसी प्रोटोकॉल का पालन करने का फैसला किया है और वह तय कार्यक्रम के अनुसार श्रीलंका जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक, भारतीय टीम कोलंबो पहुंचकर अभ्यास सत्र करेगी और मैच से पहले होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी हिस्सा लेगी। टॉस के समय भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव मैदान पर मौजूद रहेंगे और टीम मैच रेफरी के आधिकारिक फैसले का इंतजार करेगी। अगर पाकिस्तान टीम मैदान पर नहीं उतरती है, तो मुकाबला फॉरफिट घोषित किया जा सकता है।
पाकिस्तान के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि इस मामले में आईसीसी का रुख स्पष्ट है। उन्होंने कहा, “आईसीसी की ओर से इस पर बड़ा बयान आया है, जिसमें खेल भावना और टूर्नामेंट की समान शर्तों की बात की गई है। हम इस मामले में आईसीसी से पूरी तरह सहमत हैं। बीसीसीआई तब तक कोई टिप्पणी नहीं करेगा, जब तक आईसीसी से औपचारिक बातचीत नहीं हो जाती।”
वहीं, आईसीसी ने भी पाकिस्तान के इस कदम पर नाराजगी जाहिर की है। आईसीसी का कहना है कि उसे अब तक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की ओर से इस फैसले को लेकर कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। साथ ही, आईसीसी ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी वैश्विक टूर्नामेंट में चुनिंदा मैचों में हिस्सा लेना खेल की निष्पक्षता और समानता के सिद्धांतों के खिलाफ है, जहां सभी क्वालिफाई करने वाली टीमें एक जैसी शर्तों पर खेलती हैं।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब सभी की निगाहें आईसीसी के अगले कदम और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की आधिकारिक प्रतिक्रिया पर टिकी हुई हैं।