U19 वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया को BCCI का तोहफा, करोड़ों के इनाम का ऐलान…

KNEWS DESK- जूनियर क्रिकेट में भारत का दबदबा फिर एक बार पूरी दुनिया ने देखा है। आयुष म्हात्रे की कप्तानी में खेल रही भारतीय अंडर-19 टीम ने जिम्बाब्वे में खेले गए अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर अपनी ताकत साबित कर दी। इस जीत के साथ भारत रिकॉर्ड छठी बार इस टूर्नामेंट की चैंपियन बन गया।

आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल हरारे में 6 फरवरी को खेला गया, जिसमें भारत ने इंग्लैंड को 100 रन से हराया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए विशाल 411 रन बनाए, जिसमें सबसे बड़ी भूमिका 14 साल के युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी की रही। वैभव ने सिर्फ 80 गेंदों में 175 रन की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के साथ-साथ टूर्नामेंट में 439 रन बनाने के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज का भी पुरस्कार मिला।

इस खिताबी जीत के बावजूद ICC की नीति के अनुसार अंडर-19 टीमों को कोई प्राइज मनी नहीं दी जाती, क्योंकि इस टूर्नामेंट को युवा खिलाड़ियों के विकास और मार्गदर्शन के उद्देश्य से खेला जाता है। लेकिन BCCI ने अपनी परंपरा के अनुसार टीम इंडिया को सम्मानित किया।

BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने शनिवार 7 फरवरी को पूरे देश के लिए खुशी का अवसर बताते हुए भारतीय अंडर-19 टीम को 7.5 करोड़ रुपये का इनाम देने की घोषणा की। यह अब तक का सबसे बड़ा इनाम है, जिसे अंडर-19 स्तर पर किसी टीम को दिया गया है। इससे पहले 2025 में अंडर-19 महिला टीम को खिताब जीतने पर 5 करोड़ रुपये का इनाम दिया गया था।

टीम इंडिया की इस शानदार जीत ने यह साबित कर दिया कि भारतीय जूनियर क्रिकेट में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। वैभव सूर्यवंशी, आयुष म्हात्रे और अन्य युवा खिलाड़ी अब भारतीय क्रिकेट का भविष्य बनने की दिशा में एक बड़ा कदम आगे बढ़ चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *