KNEWS DESK- एशिया कप 2025 के हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत-पाकिस्तान के बीच रविवार (14 सितंबर) को होने वाले मैच को लेकर जारी विरोध-प्रदर्शन के बीच बीजेपी के पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने महत्वपूर्ण प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस विवाद पर खेल की अहमियत बताई और साथ ही अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को लेकर भी विवादित टिप्पणी की है।
बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, “खेल की एक अलग दुनिया है। खेल भावनाओं से नहीं चलता। जब कोई इंटरनेशनल टूर्नामेंट मिलता है, तो उसमें जाति, भाषा या धर्म के आधार पर किसी को आने से रोकना संभव नहीं है। जो लोग इस मैच का विरोध कर रहे हैं, वे शायद खेल की इस गंभीरता को समझ नहीं पा रहे।”
उनका मानना है कि खेल को राजनीति से अलग देखना चाहिए और इसे भावनात्मक विवादों से मुक्त रखना चाहिए।
जब उनसे पूछा गया कि क्या अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में पाकिस्तान के साथ मैच खेला जा रहा है, तो बृजभूषण शरण सिंह ने जवाब दिया, “ट्रंप श्रम्मप माने क्या है भाई? ट्रंप क्या है? पागल है और क्या है? हर बार ट्रंप, हर बार ट्रंप… पागल का नाम लेते हो।” यह बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि मोदी सरकार के आने के बाद देश में खेल का माहौल काफी सुधरा है। उन्होंने कहा, “जो खेल मंत्री आए थे, उनके दौर में कुछ गड़बड़ियां थीं, लेकिन अब धीरे-धीरे उन गंदगियों को साफ किया जा रहा है। पूरे देश में खेल को बढ़ावा मिल रहा है।”
उन्होंने आगे कहा कि भारत 2036 के ओलंपिक की मेजबानी की तैयारी में है और पूरे देश को इसके लिए तैयार किया जा रहा है।
अपने खेल संगठन से जुड़े रहने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह खेल से पूरी तरह जुड़े हुए हैं और खेल के विकास में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उत्तराखंड के खेल क्षेत्र के विकास को लेकर भी उन्होंने सकारात्मक दृष्टिकोण व्यक्त किया।