वर्ल्ड कप जीत के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने की बुमराह की जमकर तारीफ, बोले- ‘वो भारत की राष्ट्रीय धरोहर’

KNEWS DESK – भारत ने टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। इस जीत के साथ भारत पुरुष क्रिकेट में लगातार दो टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बन गया और घरेलू मैदान पर यह उपलब्धि हासिल करने वाली भी पहली टीम बनी।

मैच के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की जमकर तारीफ की। उन्होंने बुमराह को ‘राष्ट्रीय धरोहर’ बताते हुए कहा कि वह एक पीढ़ी में एक बार पैदा होने वाले गेंदबाज हैं।

‘बुमराह जैसे गेंदबाज बहुत कम मिलते हैं’

सूर्यकुमार यादव ने पुरस्कार वितरण समारोह में कहा, “बुमराह एक पीढ़ी में एक बार आने वाले गेंदबाज हैं। मैं उन्हें राष्ट्रीय धरोहर कह सकता हूं। उन्हें पता है कि विकेट कैसे झटकने हैं और वह इस खेल के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक हैं।”

फाइनल मुकाबले में बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में सिर्फ 15 रन देकर चार विकेट झटके। उनकी घातक गेंदबाजी की बदौलत न्यूजीलैंड की पूरी टीम 159 रन पर सिमट गई।

लंबा सफर और बड़ी उपलब्धि

सूर्यकुमार यादव ने इस जीत को टीम के लंबे सफर का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा 2024 विश्व कप के बाद शुरू हुई थी, जब उन्हें टीम की कप्तानी सौंपी गई।

उन्होंने कहा, “यह लंबा सफर रहा है। जय शाह और रोहित भाई ने मुझ पर भरोसा जताया और टीम की जिम्मेदारी दी। यहां तक पहुंचना और खिताब जीतना बेहद सुखद अनुभव है।” इस दौरान उन्होंने जय शाह और रोहित शर्मा का खास तौर पर जिक्र किया, जिन्होंने उन पर भरोसा जताया।

बल्लेबाजों ने भी दिखाई दमदार प्रदर्शन

फाइनल मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। संजू सैमसन ने 89 रन की शानदार पारी खेली, जबकि अभिषेक शर्मा ने 52 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने पावरप्ले में 92 रन जोड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 98 रन की साझेदारी की।

टीम पर भरोसा ही सफलता की कुंजी

सूर्यकुमार यादव ने कहा कि टीम की सफलता का सबसे बड़ा कारण खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि हर खिलाड़ी की क्षमता को समझना जरूरी है और उन्हें पता था कि टीम के खिलाड़ी बड़े मैचों में कमाल कर सकते हैं।

उन्होंने कहा, “मुझे पता था कि ये खिलाड़ी मैच जिताने की क्षमता रखते हैं। सही समय आने पर उन्होंने वही करके दिखाया।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *