KNEWS DESK – टी20 वर्ल्ड कप 2026 भारतीय टीम के लिए बेहद खास रहा। पूरे टूर्नामेंट में टीम इंडिया को अलग-अलग मुकाबलों में नए मैच विनर मिले और आखिरकार अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को हराकर भारत ने खिताब अपने नाम किया।
इस ऐतिहासिक जीत के बाद तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सिराज ने बताया कि किस तरह उन्हें अचानक मौका मिला और वह विश्व चैंपियन टीम का हिस्सा बन गए।
‘सब ऊपर वाले का प्लान था’
टी20 वर्ल्ड कप की जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए सिराज ने कहा, “सब कुछ ऊपर वाले का प्लान है। मैं तो टीम में भी नहीं था, लेकिन ऊपर वाले ने मौका दिया और वर्ल्ड चैंपियन बना दिया।”
हालांकि सिराज को पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ एक ही मैच खेलने का मौका मिला, जबकि बाकी मुकाबलों में वह बेंच पर रहे।
बेंच पर रहकर भी निभाई अहम भूमिका
जब उनसे पूछा गया कि प्लेइंग इलेवन से बाहर रहना निराशाजनक होता है या नहीं, तो सिराज ने टीम फर्स्ट की भावना दिखाते हुए शानदार जवाब दिया।
उन्होंने कहा, “बाहर बैठकर भी रोल बहुत बड़ा होता है। पानी पिलाना, नेट्स में गेंदबाजी करना, टीम का माहौल अच्छा रखना और हमेशा टीम को प्राथमिकता देना ये सब चीजें टीम की सफलता में अहम योगदान देती हैं। पर्सनल गोल से ज्यादा टीम का गोल अहम होता है।” सिराज के इस बयान ने फैंस का दिल जीत लिया है। सोशल मीडिया पर लोग उनकी टीम स्पिरिट और विनम्रता की खूब तारीफ कर रहे हैं।
USA के खिलाफ किया था शानदार प्रदर्शन
सिराज को टूर्नामेंट के पहले मैच में संयुक्त राज्य अमेरिका क्रिकेट टीम के खिलाफ खेलने का मौका मिला था। उस मुकाबले में उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट झटके थे और भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे थे।
हालांकि टीम कॉम्बिनेशन के चलते उन्हें आगे के मुकाबलों में मौका नहीं मिला। वह टीम में हर्षित राणा की जगह शामिल हुए थे, जो चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे।