टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद अभिषेक शर्मा ने माता वैष्णो देवी के किए दर्शन, फोटोज की शेयर

KNEWS DESK- भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने के बाद माता वैष्णो देवी के दर्शन किए। अभिषेक ने न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबले में केवल 21 गेंदों में 52 रन की धमाकेदार पारी खेलकर भारत को जीत दिलाई थी।

अभिषेक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें वह पारंपरिक लुक में हाथ जोड़े हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने कैप्शन में लिखा, “जय माता दी।”

https://www.instagram.com/p/DV0sxevEdnr/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=MzRlODBiNWFlZA==

फाइनल से पहले अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन कुछ कमजोर नजर आ रहा था। शुरुआती 7 पारियों में उन्होंने केवल 89 रन बनाए थे। लगातार गिरती फॉर्म को लेकर कई सवाल उठाए जा रहे थे। इसके बावजूद कप्तान सूर्यकुमार यादव और टीम मैनेजमेंट ने अभिषेक को लगातार समर्थन दिया।

फाइनल मुकाबले में अभिषेक ने संजू सैमसन के साथ पहले विकेट के लिए 7.1 ओवर में 98 रन जोड़कर मैच को एकतरफा बना दिया। अपनी 52 रनों की पारी में उन्होंने 6 चौके और 3 छक्के लगाए।

भारतीय टीम ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप का रिकॉर्ड तीसरी बार खिताब जीता। भारत इस जीत के साथ घरेलू सरजमीं पर टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाला पहला देश भी बन गया। इसके अलावा, भारत दुनिया की पहली टीम बन गई, जिसने टी20 वर्ल्ड कप के खिताब का बचाव किया।

विश्व कप के शानदार प्रदर्शन के बाद अभिषेक शर्मा अब आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलते हुए नजर आएंगे। आईपीएल 2025 में भी अभिषेक ने 14 मैचों में 439 रन बनाए थे, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल थे। हालांकि सनराइजर्स हैदराबाद केवल 6 मैच जीत पाई थी और प्लेऑफ में नहीं पहुंच सकी थी।

अभिषेक का फॉर्म और आत्मविश्वास दोनों ही टी20 वर्ल्ड कप 2026 में देखने को मिला, जिससे उनके फैंस और टीम को आगामी टूर्नामेंट्स में भी उम्मीदें बढ़ गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *