KNEWS DESK – भारत के मशहूर स्नैक्स ब्रांड Haldiram’s के अग्रवाल परिवार में खुशियों का माहौल है। ग्रुप के उत्तराधिकारी विवेक अग्रवाल ने केनिशा पालीवाल के साथ नागपुर में शाही अंदाज में शादी रचाई। शादी के भव्य समारोह नागपुर के प्रतिष्ठित होटलों और निजी एस्टेट में आयोजित किए गए, जहां कारोबार, राजनीति और ग्लैमर जगत की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में वेडिंग वेन्यू किसी राजमहल से कम नहीं लग रहा। सजावट में हल्दीराम की 1937 से अब तक की यात्रा को थीम के रूप में दर्शाया गया था, बीकानेर की गलियों से लेकर वैश्विक पहचान तक का सफर खास अंदाज में पेश किया गया।
कौन हैं नई बहू केनिशा पालीवाल?
केनिशा पालीवाल एक प्रतिष्ठित कारोबारी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता मुदित पालीवाल Delta Corp Holdings के फाउंडर हैं। केनिशा उसी कंपनी में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के पद पर कार्यरत हैं।
विदेश में पली-बढ़ीं केनिशा ने अमेरिका की प्रतिष्ठित Cornell University से बीएससी और एमएससी की डिग्री हासिल की है। फाइनेंस और फंड मैनेजमेंट में उनकी गहरी पकड़ है। उन्होंने Goldman Sachs जैसी वैश्विक वित्तीय संस्था में भी काम कर पेशेवर अनुभव हासिल किया है।
नागपुर में हुई इस हाई-प्रोफाइल शादी में वेन्यू को राजसी लुक दिया गया था। हर फंक्शन की अलग थीम थी, जिसमें पारंपरिक भारतीय रंगों के साथ मॉडर्न एलिगेंस का शानदार मेल देखने को मिला।
कितना बड़ा है हल्दीराम साम्राज्य?
1937 में बीकानेर से शुरू हुआ Haldiram’s आज भारत के सबसे बड़े FMCG ब्रांड्स में शुमार है। देशभर में इसके 400 से अधिक स्टोर्स और रेस्टोरेंट्स हैं। स्नैक्स, मिठाई और रेडी-टू-ईट उत्पादों के जरिए इस ब्रांड ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी का मार्केट वैल्यूएशन करीब 90,000 करोड़ रुपये से अधिक आंका जाता है। ऐसे में केनिशा पालीवाल अब देश के एक बड़े कारोबारी घराने का हिस्सा बन गई हैं।