KNEWS DESK – रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 इन दिनों बॉक्स ऑफिस से लेकर सोशल मीडिया तक हर जगह छाई हुई है। फिल्म की जबरदस्त सफलता ने इंडस्ट्री में नई चर्चा छेड़ दी है। जहां कई सितारे इसकी तारीफ करते नहीं थक रहे, वहीं कुछ लोगों के अलग विचार भी सामने आ रहे हैं।
इसी बीच मशहूर कॉमेडियन जाकिर खान का एक बयान खूब सुर्खियां बटोर रहा है। हाल ही में आयोजित चेतक स्क्रीन अवॉर्ड्स 2026 में जाकिर खान ने मंच से फिल्म की सफलता पर मजाकिया अंदाज में बॉलीवुड पर तंज कस दिया।
दरअसल, जाकिर खान इस अवॉर्ड शो को होस्ट कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने धुरंधर 2 की कामयाबी का जिक्र करते हुए कहा कि भले ही लोग सोशल मीडिया पर बधाई दे रहे हों, इंटरव्यू में तारीफ कर रहे हों, लेकिन अंदर ही अंदर इस फिल्म की सफलता ने इंडस्ट्री के कई लोगों को चौंका दिया है।
उनका यह मजाकिया कमेंट, “बधाई पोस्ट चाहे जितनी डाल दो, मगर ‘धुरंधर’ से जली तो सबकी है”, सुनते ही वहां मौजूद दर्शक हंस पड़े और तालियों की गूंज से माहौल भर गया। जाकिर का यह अंदाज भले ही हल्का-फुल्का था, लेकिन उनके शब्दों ने इंडस्ट्री के अंदर चल रही प्रतिस्पर्धा की झलक जरूर दिखा दी।
सोशल मीडिया पर अब जाकिर खान का यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। फैंस उनके इस बेबाक अंदाज को काफी पसंद कर रहे हैं और कमेंट्स में अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
गौरतलब है कि आदित्य धर के निर्देशन में बनी धुरंधर 2 ने रिलीज के बाद से ही बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रखा है। फिल्म की कहानी, एक्शन और स्टारकास्ट को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है।