KNEWS DESK – रैपर और सिंगर यो यो हनी सिंह अपनी दरियादिली की वजह से एक बार फिर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह गरीब बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर उन्हें खाना खिलाते नजर आ रहे हैं। फैंस इस वीडियो को देखकर हनी सिंह की जमकर तारीफ कर रहे हैं और उन्हें “रियल हीरो” कह रहे हैं।
नोएडा मेट्रो स्टेशन पर दिखी दरियादिली
हनी सिंह हाल ही में दिल्ली टूर पर थे। इसी दौरान उन्हें नोएडा सेक्टर 63 इलेक्ट्रॉनिक मेट्रो स्टेशन के बाहर स्पॉट किया गया। यहां उन्होंने बाहर बैठे गरीब बच्चों को देखा और तुरंत अपनी गाड़ी से उतरकर उनके लिए हल्दीराम के रेस्टोरेंट से खाना मंगवा दिया। खास बात यह रही कि उन्होंने सिर्फ खाना ही नहीं बांटा, बल्कि बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर उन्हें अपने हाथों से खिलाया भी।
हनी सिंह को अपने बीच पाकर बच्चे बेहद खुश हो गए और खुशी में नाचने लगे। वहीं वहां मौजूद फैंस ने भी इस पूरे पल का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया। कुछ ही घंटों में यह वीडियो इंटरनेट पर आग की तरह फैल गया। लोग लगातार हनी सिंह की दरियादिली की तारीफ कर रहे हैं।
शहनाज गिल के साथ नए गाने में छाए
वर्क फ्रंट की बात करें तो हनी सिंह इन दिनों अपने लेटेस्ट ट्रैक ‘व्हेन एंड वेयर’ को लेकर चर्चा में हैं। इस गाने में उनके साथ ‘बिग बॉस 13’ फेम शहनाज गिल नजर आ रही हैं। दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शक बेहद पसंद कर रहे हैं। 3 मिनट 25 सेकेंड के इस गाने को यूट्यूब पर अब तक 1 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं।