KNEWS DESK- सलमान खान इन दिनों अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवां’ को लेकर लगातार चर्चा में हैं। यह फिल्म 17 अप्रैल 2026 को रिलीज होने वाली है, लेकिन अब खबरें सामने आ रही हैं कि इसकी रिलीज डेट आगे खिसक सकती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की शूटिंग और री-शूटिंग अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है, जिससे इसकी प्रोडक्शन टाइमलाइन प्रभावित हुई है। बताया जा रहा है कि एक हफ्ते का री-शूट 9 फरवरी से मुंबई में शुरू होगा। इसके अलावा, महीने के अंत तक कुछ अहम सीन और फिल्माए जाने हैं। शूटिंग पूरी होने के बाद पोस्ट-प्रोडक्शन और एडिटिंग का काम शुरू होगा, जिसमें अपेक्षा से ज्यादा समय लग सकता है।
फिल्म की देरी की एक बड़ी वजह यह भी मानी जा रही है कि ‘बैटल ऑफ गलवां’ को फाइनल कट से पहले रक्षा मंत्रालय को दिखाया जाएगा। मेकर्स का मानना है कि इस प्रक्रिया में समय लग सकता है और इसी कारण 17 अप्रैल की तय रिलीज डेट को बनाए रखना मुश्किल हो सकता है। हालांकि, फिलहाल फिल्म की रिलीज टलने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
‘बैटल ऑफ गलवां’ में सलमान खान के साथ चित्रांगदा सिंह अहम भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म की कहानी शिव अरूर और राहुल सिंह की 2022 में आई किताब ‘इंडियाज मोस्ट फियरलेस 3’ के एक चैप्टर पर आधारित है। यह फिल्म 2020 में गलवान घाटी में भारत-चीन के बीच हुई झड़प के दौरान भारतीय सैनिकों के साहस, वीरता और बलिदान की कहानी को बड़े पर्दे पर दिखाएगी।
इस फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया कर रहे हैं। फैंस सलमान खान को एक बार फिर देशभक्ति और एक्शन से भरपूर किरदार में देखने के लिए उत्साहित हैं, अब बस इंतजार है मेकर्स की तरफ से रिलीज डेट को लेकर आधिकारिक बयान का।