KNEWS DESK – मशहूर गायक अरिजीत सिंह के एक फैसले ने करोड़ों फैंस को हैरान और भावुक कर दिया है। महज़ 38 साल की उम्र में, वह भी करियर के शिखर पर, अरिजीत ने प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने का ऐलान कर दिया। हाल ही में सलमान खान की फिल्म बैटल ऑफ गलवान का देशभक्ति गीत ‘मातृभूमि’ और बॉर्डर 2 का ‘घर कब आओगे’ गाने के बाद उनके इस फैसले ने फैंस को बड़ा झटका दिया है।
27 जनवरी को अरिजीत सिंह ने अपने X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट कर साफ किया कि वह अब किसी भी नए प्लेबैक प्रोजेक्ट को साइन नहीं करेंगे। बाद में इंस्टाग्राम पर जारी बयान में उन्होंने अपने फैसले के पीछे की वजह भी बताई।
https://www.instagram.com/p/DUBKkEzCFRG/
अरिजीत ने लिखा कि यह निर्णय न तो जल्दबाज़ी में लिया गया है और न ही किसी एक घटना का नतीजा है। उन्होंने कहा, “इस फैसले के कई पहलू हैं और मैं लंबे समय से इस पर विचार कर रहा था।” उन्होंने ईमानदारी से स्वीकार किया कि वह मानसिक रूप से थक चुके हैं और उनकी दिलचस्पी जल्दी खत्म हो जाती है। यही वजह है कि वह अब अलग-अलग तरह के म्यूजिक को एक्सप्लोर करना चाहते हैं।
https://www.instagram.com/reels/DOsOynTE-Gh/
इसके साथ ही अरिजीत ने यह भी कहा कि वह नए सिंगर्स को मौका देना चाहते हैं, ताकि इंडस्ट्री में नई आवाज़ें उभर सकें। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट किया कि वह म्यूजिक बनाना नहीं छोड़ेंगे और अपने अधूरे प्रोजेक्ट्स पूरे करेंगे।
पश्चिम बंगाल के जीयागंज में जन्मे अरिजीत सिंह ने ‘फेम गुरुकुल’ से शुरुआत की और आशिकी 2 के गाने ‘तुम ही हो’ से रातों-रात स्टार बन गए। अब उनका यह फैसला उनके करियर का एक नया मोड़ माना जा रहा है, जिस पर पूरे म्यूजिक जगत की नजरें टिकी हैं।