प्रियंका चोपड़ा का पोस्ट कॉपी करने के आरोप पर उर्वशी रौतेला ने किया रिएक्ट, कहा – ‘आप इस बात पर वक्त बर्बाद कर रहे हैं’

KNEWS DESK – बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्वशी रौतेला अपनी खूबसूरती, ग्लैमरस लुक और सोशल मीडिया एक्टिविटी को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहती हैं। वह अक्सर इंस्टाग्राम पर अपनी तस्वीरें और वीडियोज़ शेयर करती रहती हैं, जिससे वह फैंस के बीच चर्चा में बनी रहती हैं। हाल ही में वह एक नए विवाद में आ गईं जब उन पर प्रियंका चोपड़ा का पोस्ट कॉपी करने का आरोप लगा। अब इस मामले पर उर्वशी ने खुद चुप्पी तोड़ दी है।

दरअसल, कुछ दिनों पहले दशहरा और गांधी जयंती के मौके पर उर्वशी रौतेला ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया था, जो प्रियंका चोपड़ा के पोस्ट से काफी मिलता-जुलता था। जैसे ही फैंस ने दोनों पोस्ट को देखा, सोशल मीडिया पर यह चर्चा शुरू हो गई कि उर्वशी ने प्रियंका का कंटेंट कॉपी किया है।

अब हाल ही में उर्वशी ने Instant Bollywood को दिए एक इंटरव्यू में इस आरोप पर अपना रिएक्शन दिया। जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने प्रियंका को कॉपी किया है, तो उर्वशी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “मुझे लगता है कि आप इस बात पर अपना समय बर्बाद कर रहे हैं। मुझे नहीं लगता कि किसी ने इसे देखा भी होगा।”

इसके बाद जब उनसे दोबारा सवाल किया गया, तो एक्ट्रेस ने कहा, “मुझे नहीं पता कि आप किस बारे में बात कर रहे हैं। हां, मैं प्रियंका चोपड़ा को फॉलो करती हूं क्योंकि वो एक आइकन हैं। गांधी जयंती और दशहरे जैसे त्योहारों पर तो सभी लोग विश करते हैं, ये त्योहार हैं और सब इन्हें मनाते हैं।” इसके बाद उर्वशी ने आगे बात करने से इनकार कर दिया और मुस्कुराते हुए बातचीत खत्म कर दी।

उर्वशी का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जहां कुछ यूजर्स उनके जवाब को सधा हुआ और स्मार्ट बता रहे हैं, वहीं कुछ लोग अब भी उनकी तुलना प्रियंका चोपड़ा से कर रहे हैं।