मोनालिसा–सनोज मिश्रा विवाद ने लिया नया मोड़, परिवार के समर्थन वाले वीडियो से बढ़ी सियासत और बहस

डिजिटल डेस्क- प्रयागराज महाकुंभ से चर्चा में आई ‘वायरल गर्ल’मोनालिसा फरमान खान और फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा के बीच चल रहा विवाद अब एक नए चरण में पहुंच गया है। हाल ही में सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो ने इस पूरे मामले को फिर से सुर्खियों में ला दिया है, जिसमें मोनालिसा के परिवार के सदस्य निर्देशक के समर्थन में नजर आ रहे हैं। यह वीडियो खुद सनोज मिश्रा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया है। वीडियो में मोनालिसा के माता-पिता निर्देशक के पक्ष में बोलते दिखाई देते हैं। उनके पिता का कहना है कि वह शूटिंग के दौरान अक्सर अपनी बेटी के साथ मौजूद रहते थे और निर्देशक ने हमेशा मोनालिसा के साथ परिवार जैसा व्यवहार किया। इस बयान के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है और मामला और उलझता नजर आ रहा है।

सनोज मिश्रा ने वीडियो बना किया दावा

वीडियो शेयर करते हुए सनोज मिश्रा ने दावा किया कि उन्होंने एक साधारण पृष्ठभूमि से आने वाली लड़की को मौका देकर आगे बढ़ाने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा कि उन पर लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं और समय के साथ सच्चाई सामने आ जाएगी। मिश्रा ने यह भी दावा किया कि मोनालिसा का परिवार और पारधी समाज उनके साथ खड़ा है। हालांकि, इस वीडियो के सामने आने के बाद विवाद और गहरा गया है, क्योंकि इससे पहले मोनालिसा ने सार्वजनिक रूप से निर्देशक पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मिश्रा पर अनुचित व्यवहार और छेड़छाड़ जैसे आरोप लगाए थे, जिससे यह मामला कानूनी और सामाजिक रूप से संवेदनशील बन गया था।

फरमान खान से शादी के बाद मामले ने पकड़ा तूल

इस विवाद ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब मोनालिसा ने अचानक फरमान खान से शादी कर ली। शादी के तुरंत बाद दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तेज हो गया। जहां एक ओर निर्देशक ने इस विवाह को लेकर सवाल उठाए, वहीं मोनालिसा ने उनके खिलाफ खुलकर बयान दिए। अब परिवार के समर्थन वाले इस नए वीडियो ने मामले को एक अलग दिशा दे दी है। इससे यह सवाल भी उठने लगे हैं कि सच्चाई क्या है और आखिर इस पूरे विवाद के पीछे असली वजह क्या है। सोशल मीडिया पर लोग दो गुटों में बंटे नजर आ रहे हैं कुछ लोग निर्देशक का समर्थन कर रहे हैं, तो कुछ मोनालिसा के पक्ष में खड़े हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *