KNEWS DESK- करिश्मा कपूर के एक्स हस्बैंड और जाने-माने उद्योगपति संजय कपूर के निधन के बाद उनकी करीब 30,000 करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर पारिवारिक विवाद लगातार गहराता जा रहा है। अब इस हाई-प्रोफाइल कानूनी लड़ाई में एक नया और अहम मोड़ आ गया है। संजय कपूर की 80 वर्षीय मां रानी कपूर ने एक बार फिर दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है और अपनी बहू प्रिया कपूर सचदेव पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
रानी कपूर ने कोर्ट में दायर नई सिविल सूट में ‘रानी कपूर फैमिली ट्रस्ट’ की वैधता पर सवाल उठाते हुए इसे पूरी तरह फ्रॉडुलेंट (धोखाधड़ीपूर्ण) बताया है। उनका दावा है कि यह ट्रस्ट बहकावे, साजिश और फर्जीवाड़े के जरिए बनाया गया था।
याचिका में आरोप लगाया गया है कि ट्रस्ट को उनके नाम पर बनाया गया, लेकिन इसका इस्तेमाल परिवार की संपत्तियों और बिजनेस पर गलत तरीके से नियंत्रण हासिल करने के लिए किया गया, जिससे रानी कपूर को अपनी ही संपत्ति से वंचित कर दिया गया।
रानी कपूर ने आरोप लगाया कि संजय कपूर की तीसरी पत्नी प्रिया कपूर सचदेव ने उनके बेटे को मैनिपुलेट किया और उनसे जुड़े फैसलों में धोखाधड़ी करवाई। याचिका के अनुसार, ट्रस्ट का इस्तेमाल फैमिली एसेट्स को गैरकानूनी तरीके से डायवर्ट करने और उन्हें परिवार के नियंत्रण से बाहर ले जाने के लिए किया गया।
रानी कपूर ने कोर्ट को बताया कि संजय कपूर की मौत ‘रहस्यमय परिस्थितियों’ में हुई थी, जिससे मामला और भी संवेदनशील हो जाता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बेटे की मौत के बाद 13 दिनों के शोक काल के दौरान ही प्रिया कपूर सचदेव ने जल्दबाजी में कई अहम फैसले लिए।
याचिका में कहा गया है कि इन फैसलों का मकसद सोना ग्रुप और उससे जुड़ी संपत्तियों पर पूरा नियंत्रण हासिल करना और रानी कपूर को निर्णय प्रक्रिया से बाहर करना था।
रानी कपूर ने हाई कोर्ट से मांग की है कि प्रिया कपूर सचदेव और अन्य संबंधित लोगों को विवादित ट्रस्ट को चलाने या उसके निर्देश पर काम करने से रोका जाए। ट्रस्ट से जुड़ी किसी भी संपत्ति के ट्रांसफर या एलियनेशन पर रोक लगाई जाए। जब तक पूरा विवाद सुलझ न जाए, तब तक मौजूदा स्थिति बरकरार रखी जाए।
यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब हाल ही में प्रिया कपूर सचदेव के कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) सोशल मीडिया पर वायरल हुए। इन रिकॉर्ड्स के मुताबिक, जिस दिन संजय कपूर की वसीयत एग्जीक्यूट हुई, उस दिन प्रिया गुरुग्राम नहीं बल्कि दिल्ली में मौजूद थीं। जबकि प्रिया ने दिल्ली हाई कोर्ट में दिए एफिडेविट में दावा किया था कि वह उस दिन गुरुग्राम में थीं और वसीयत के एग्जीक्यूशन के वक्त फिजिकली प्रेजेंट थीं।
CDR के अनुसार, उनका मोबाइल फोन सुबह 9:22 बजे से शाम 4:30 बजे तक नई दिल्ली के सेल टावर्स से कनेक्ट था, जिससे उनके दावे पर सवाल खड़े हो गए हैं।
कौन थे संजय कपूर
संजय कपूर का निधन जून 2025 में हुआ था। वे ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी कंपनी सोना कॉमस्टार के चेयरमैन थे। इस संपत्ति विवाद में संजय की दूसरी पत्नी करिश्मा कपूर के बच्चे—समायरा और कियान भी शामिल हैं, जिन्होंने वसीयत को फर्जी बताया है। संजय की मौत के बाद प्रिया कपूर सचदेव ने सोना ग्रुप की कमान संभाल ली थी।