Sourav Ganguly की बायोपिक का टाइटल रिवील, लीड रोल में दिखेंगे राजकुमार राव

KNEWS DESK – बॉलीवुड में बायोपिक फिल्मों का ट्रेंड लगातार मजबूत होता जा रहा है, और दर्शक भी इन फिल्मों को भरपूर प्यार दे रहे हैं। इसी कड़ी में अब Sourav Ganguly की जिंदगी भी बड़े पर्दे पर नजर आने वाली है। भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में शुमार गांगुली की बायोपिक को लेकर अब बड़ा अपडेट सामने आया है।

फिल्म का टाइटल हुआ फाइनल

Rajkummar Rao इस फिल्म में सौरव गांगुली का किरदार निभाते नजर आएंगे। एक्टर ने खुद सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी कि फिल्म का टाइटल ‘दादा’ रखा गया है। उन्होंने मुहूर्त की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा—“और ये शुरुआत हो गई… सिर्फ और सिर्फ एक ही दादा।”

फिल्म की शूटिंग आधिकारिक तौर पर शुरू हो चुकी है। मेकर्स ने इसकी तैयारी लंबे समय से की थी और अब आखिरकार प्रोजेक्ट फ्लोर पर आ गया है। आने वाले समय में फिल्म से जुड़े और भी लुक्स और अपडेट्स सामने आने की उम्मीद है।

दमदार किरदार निभाने में माहिर हैं राजकुमार

राजकुमार राव इससे पहले भी कई रियल लाइफ किरदारों को पर्दे पर उतार चुके हैं। उन्होंने Shahid में वकील शाहिद आज़मी का किरदार निभाया था, जिसके लिए उन्हें नेशनल अवॉर्ड भी मिला था। ऐसे में फैंस को उनसे ‘दादा’ में भी दमदार परफॉर्मेंस की उम्मीद है।

फैंस और सितारों का मिला सपोर्ट

फिल्म के अनाउंसमेंट के बाद से ही फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। कई बॉलीवुड सितारों ने भी राजकुमार राव को इस प्रोजेक्ट के लिए शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पर लोग इस बायोपिक को लेकर अपनी एक्साइटमेंट जाहिर कर रहे हैं।

क्यों खास है गांगुली की कहानी?

सौरव गांगुली को भारतीय क्रिकेट में नई आक्रामक सोच और आत्मविश्वास लाने का श्रेय दिया जाता है। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने कई ऐतिहासिक जीत दर्ज कीं और नए खिलाड़ियों को मौका मिला। यही वजह है कि उनकी जिंदगी पर बन रही यह फिल्म दर्शकों के लिए खास होने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *