KNEWS DESK- 2000 के दशक की पॉप संस्कृति का चेहरा रहीं और ‘कांटा लगा’ जैसे आइकॉनिक म्यूजिक वीडियो से घर-घर में पहचानी जाने वाली शेफाली जरीवाला अब हमारे बीच नहीं रहीं। शुक्रवार देर रात दिल का दौरा पड़ने से 42 वर्षीय शेफाली का निधन हो गया। उनके अचानक चले जाने से फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं सोशल मीडिया पर फैंस और सेलेब्स भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
2002 में आई रीमिक्स एल्बम कांटा लगा ने शेफाली जरीवाला को रातों-रात स्टार बना दिया। कॉलेज में पढ़ रही एक साधारण लड़की, जिसने कंप्यूटर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी, अचानक भारत के युवाओं की स्टाइल आइकन बन गई। इस वीडियो में उनका आत्मविश्वास, डांस और एक्सप्रेशन ने उन्हें ‘रीमिक्स कल्चर’ की पोस्टर गर्ल बना दिया। शेफाली ने इसके बाद फिल्मों की दुनिया में कदम रखा। मुझसे शादी करोगी (2004) में उनका ‘बिजली’ का किरदार भले ही छोटा था, लेकिन दर्शकों को याद रह गया। इसके बाद उन्होंने टीवी और डांस रियलिटी शोज़ में भी हिस्सा लिया, जिनमें नच बलिए प्रमुख रहा।
अपने करियर के बीच में ही शेफाली को मिर्गी (Epilepsy) जैसी गंभीर बीमारी से जूझना पड़ा। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि किशोरावस्था से ही उन्हें यह बीमारी थी, लेकिन मनोरंजन की दुनिया में आने के बाद लगातार शूटिंग और ट्रैवल के कारण स्थिति और जटिल होती चली गई। इसके चलते उन्हें कई मौके छोड़ने पड़े और उनका करियर पटरी से उतर गया।
2004 में उन्होंने मीट ब्रदर्स फेम हरमीत सिंह से शादी की, लेकिन यह रिश्ता सिर्फ पांच साल चला। 2009 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद अभिनेता पराग त्यागी उनकी जिंदगी में आए। दोनों का रिश्ता समय के साथ मजबूत हुआ और फिर उन्होंने शादी की। पराग के साथ शेफाली का रिश्ता स्थिरता और समझदारी का प्रतीक बन गया, और दोनों ने मिलकर कई मंचों पर अपने रिश्ते की खूबसूरती को साझा किया।
शेफाली जरीवाला का जीवन सिर्फ ग्लैमर तक सीमित नहीं था, बल्कि उनके संघर्ष, आत्मबल और अदम्य साहस ने उन्हें एक प्रेरणा बनाया। उन्होंने कई बार खुलकर मानसिक स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और निजी संघर्षों पर बात की। उनका असमय निधन न केवल उनके चाहने वालों के लिए, बल्कि भारतीय पॉप कल्चर के एक युग के अंत जैसा है। वे भले ही चली गईं, लेकिन ‘कांटा लगा’ में झलकता उनका आत्मविश्वास, ऊर्जा और स्टाइल आज भी इंटरनेट पर जीवित है — और हमेशा रहेगा।
ये भी पढ़ें- दिलजीत दोसांझ की ‘बॉर्डर 2’ पर संकट के बादल, FWICE ने गृह मंत्री और रक्षा मंत्री से की सख्त कार्रवाई की मांग